वे मुख्यमंत्री न होकर करनाल के विधायक ही हैं और ऐसा ही लोग समझें तो उन्हें अच्छा लगेगा: मनोहर लाल
5 दरिया न्यूज (प्रशांत कौशिक)
घरौंडा 26-Nov-2014
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने आज कहा कि लोगों की शिकायतों के समाधान के लिए गठित की गई जिला लोक सम्पर्क एवं कष्ट निवारण समितियों के साथ-साथ विकास परियोजनाओं की प्रगति व अधिकारियों की कार्य शैली पर नजर रखने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं की भी जिला स्तर पर निगरानी समितियां गठित की जाएंगी जो अपने क्षेत्र के विधायक को प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगी और विधायक आगे की कार्यवाही के लिए इसे सरकार तक पहुंचाएगा।मुख्यमंत्री आज करनाल में जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की अध्यक्षता करने उपरांत एक अन्य कार्यक्रम में जिला कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि वे मुख्यमंत्री न होकर करनाल के विधायक ही हैं और ऐसा ही लोग समझें तो उन्हें अच्छा लगेगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की जिम्मेवारी मिलने उपरांत उन्होंने तय किया था कि वे करनाल विधानसभा क्षेत्र का हर महीने में कम से कम दो बार दौरा अवश्य करेंगे और आज मुख्यमंत्री की शपथ लिए एक ही महीना हुआ है और दूसरी बार करनाल के दौरे पर आए हैं। इस पर कार्यकर्ताओं ने उनका तालियों की गडग़डाहट से स्वागत किया।
उन्होंने कहा कि संगठनात्मक कार्यक्रमों में औपचारिकताएं पूरी करने की बजाए जो समय हमारे पास है उसका हमें सद्पयोग करना चाहिए। हर विधानसभा क्षेत्र में कुल मतदाताओं का कम से कम 10 प्रतिशत सदस्य भारतीय जनता पार्टी के बनाने के लक्ष्य को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए कोई भी व्यक्ति टोल-फ्री नम्बर 18002662020 पर मिस कॉल कर सदस्यता ग्रहण कर सकता है। उन्होंने सदस्यता अभियान में सहयोग बढ़ाने के लिए उपस्थित कार्यकर्ताओं से अपील भी की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा में भारतीय जनता पार्टी को आज करनाल संसदीय क्षेत्र में उस समय बड़ी मजबूती मिली जब पानीपत के मेयर सरदार भूपेन्द्र सिंह ने आज करनाल में मुख्यमंत्री मनोहर लाल की उपस्थिति में अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल होने की घोषणा की। इसके अलावा पानीपत जिले के सिख समुदाय के बड़ी संख्या में लोगों ने व हजकां पार्टी के कुछ पदाधिकारियों ने भी भाजपा में शामिल हुए जिनका मुख्यमंत्री ने पार्टी में स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने सिख समुदाय
मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों के साथ आज हुई उनकी बैठक के बारे में भी कार्यकर्ताओं को अवगत कराया और अधिकारियों द्वारा विभिन्न विकास कार्यों की प्रगति पर दी गई जानकारी भी सांझा की।बैठक में खाद्य एवं आपूर्ति राज्यमंत्री श्री कर्णदेव काम्बोज, विधायक हरविन्द्र कल्याण, भगवान दास कबीर पंथी, बक्शीश सिंह विर्क, इसराना के विधायक कृष्ण लाल पंवार, पूर्व सांसद आई.डी. स्वामी, पूर्व विधायक शशि पाल मेहता, नगर निगम की मेयर रेणू बाला गुप्ता, पुलिस अधीक्षक अभिषेक गर्ग, भाजपा के जिला अध्यक्ष अशोक सुखीजा, ओमा, भाजपा के प्रवक्ता जगमोहन आनंद, प्रदेश महासचिव चन्द्र प्रकाश कथूरिया, पूर्व आईएएस अधिकारी राजीव शर्मा के अलावा बड़ी संख्या में पानीपत व करनाल जिले के पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।