जीतन राम मांझी और नीतीश कुमार ने की एक-दूसरे की तारीफ
5 दरिया न्यूज
जहानाबाद 25-Nov-2014
बिहार की राजनीति में मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीच बढ़ी दूरी की हो रही चर्चा के बीच मंगलवार को दोनों नेताओं ने संपर्क यात्रा के दौरान जहानाबाद में मंच साझा किया। इस दौरान मांझी ने नीतीश की तारीफ करते हुए कहा कि उन्हींके प्रयास से बिहार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। मांझी ने कहा कि कार्यकर्ताओं में आज नीतीश और मेरे बीच विवाद होने का भ्रम फैलाया जा रहा है, लेकिन यह राम-लक्ष्मण की जोड़ी है। उन्होंने अपने अंदाज में कहा, "गरीब आदमी गरीब हो सकता है मगर बेईमान नहीं हो सकता।"उन्होंने कहा, "नीतीश ने मेरे जैसे महादलित परिवार से आए व्यक्ति को यहां तक पहुंचाया है। मैं भी नीतीश की अपेक्षा पर खरा उतरने का प्रयास कर रहा हूं।"
मांझी ने कहा कि नीतीश के कुशल नेतृत्व के कारण ही आज बिहार की चर्चा देश में ही नहीं, विदेशों में भी हो रही है। उन्होंने नीतीश को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनके द्वारा शुरू किए गए कार्यो को आगे ले जाने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं, नीतीश ने भी मांझी सरकार की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि सरकार सभी वर्गो के विकास के लिए कदम उठा रही है। सरकार का रिपोर्ट कार्ड जारी करने की परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए उन्होंने मांझी को धन्यवाद दिया। उल्लेखनीय है कि नीतीश कुमार 13 नवंबर से ही संपर्क यात्रा पर हैं। इन दिनों वह राज्य के सभी जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं से मिल रहे हैं।