5 Dariya News

डा जितेन्‍द्र सिंह ने रेप्‍को बैंक से जम्‍मू-कश्‍मीर के बाढ़ पीडि़तों की सहायता के लिए 10 लाख रुपये का चेक प्राप्‍त किया

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 23-Nov-2014

पूर्वोत्‍तर क्षेत्र विकास राज्‍यमंत्री (स्‍वतंत्र प्रभार), प्रधानमंत्री कार्यालय, कार्मिक, जनशिकायत एवं पेंशन, परमाणु ऊर्जा और अंतरिक्ष राज्यमंत्री डा. जितेन्‍द्र सिंह ने आज यहां रिपैट्रिएट्स कोआपरेटिव फाइनेंस एंड डेवलपमेंट बैंक लिमिटेड (रेप्को बैंक) के प्रबंध निदेशक श्री आर. वर्द्धराजन से जम्मू कश्मीर में बाढ़ राहत के लिए 10 लाख रुपये का चेक प्राप्त किया। यह चैक श्री आर वर्द्धराजन, प्रबंध निदेशक, रेप्को बैंक की ओर से विशेष सचिव और वित्तीय सलाहकार श्री एस सी पांडा, ने मंत्री महोदय को सौंपा।यहां यह उल्लेख करना संगत होगा कि रेप्को बैंक भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा तमिलनाडु, कर्नाटक, केरल और आंध्र प्रदेश सरकारों के सहयोग से प्रोन्नत किया गया है। बैंक का मुख्य उद्देश्य श्रीलंका और बर्मा से वापस आए लोगों के पुनर्वास में सहायता करना है। लेकिन बैंक ने अब विस्थापित लोगों के लिए अन्य सेवाएं भी शुरू कर दी हैं। बैंक द्वारा 10 लाख रुपये की राशि कारपोरेट सामाजिक सुधार गतिविधियों के अंतर्गत दी गई है।

इस कदम की सराहना करते हुए डॉ. जीतेंद्र सिंह ने कहा कि जम्मू कश्मीर के बाढ़ पीड़ित लोगों के लिए यह संतोष का विषय है, जबकि परोपकारियों और सामाजिक कल्याण की भावना रखने वाली एजेंसियों को इससे प्रेरणा लेनी चाहिए कि वे बाढ़ से हुई क्षति के पुनर्निर्माण हेतु उदारतापूर्वक दान दें। डॉ. जीतेंद्र सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार, सेना और अर्ध सेनिक बलों की सहायता से जम्मू कश्मीर में राहत और बचाव कार्य बिना कोई समय गंवाए तत्काल संचालित किए गए, जिससे नुकसान कम करने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि पुनर्वास कार्यों के जारी रहते आपदा प्रबंधन विशेषज्ञों और समाज वैज्ञानिकों से भी उम्मीद की जाती है कि वे भविष्य में ऐसी विपत्तियों की पुनर्रावृत्ति रोकने के बारे में उपाय करे।