भारत की विकास यात्रा का हिस्सा बनें प्रवासी : नरेंद्र मोदी
5 Dariya News
नई दिल्ली 21-Nov-2014
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने म्यांमार, आस्ट्रेलिया और फिजी के दौरे से लौटने के बाद शुक्रवार को कहा कि भारतीय प्रवासियों को देश के विकास का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने अपने ब्लॉग पर लिखा, "हम एक ऐसा माहौल बनाना चाहते हैं, जहां हमारे प्रवासियों को भी एहसास हो सके कि वे भी भारत की विकास यात्रा में योगदान कर सकते हैं।"उन्होंने कहा, "इसीलिए मैंने प्रवासी भारतीयों (एनआरआई) से भारत सरकार के साथ उनके विचार और दृष्टिकोण साझा करने का आग्रह किया।"मोदी ने कहा, "भारतीय समुदाय से मुझे जो प्यार मिला, वह दिल को छू लेने वाला था।"उन्होंने कहा, "चाहे म्यांमार हो, आस्ट्रेलिया, या फिजी, मैं उनके प्यार को शब्दों में बयान नहीं कर सकता।"
मोदी ने आगे कहा, "मैं देख सकता था कि उन्हें भारत और भारत में हो रहे परिवर्तनों पर गर्व है। मैं उनकी आंखों में सपने देख सकता था।"उन्होंने कहा, "जैसा कि मैंने सिडनी में भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में कहा था, हम उनकी उम्मीदों को लेकर पूरी तरह सजग हैं, हम उनके सपनों का भारत बनाने के लिए हर संभव प्रयास करेंगे।"अपनी तीन देशों की यात्रा के दौरान मोदी ने वीजा-ऑन-अराइवल सुविधाओं की घोषणा की थी।उन्होंने बताया, "हमारा लक्ष्य प्रवासियों को हमारी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण अंग बनाना है और पिछले कुछ महीनों में हम इस दिशा में प्रयास किए हैं।"