नरेंद्र मोदी ने फिजी में स्कूली बच्चों से मुलाकात की
5 Dariya News
सुवा 19-Nov-2014
भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने फिजी के एक दिवसीय दौरे पर बुधवार को राजधानी सुवा में स्कूली बच्चों से मुलाकात की। फिजी पहुंचे मोदी का अल्बर्ट पार्क में पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया। समाचार चैनल 'फिजी लाइव' के मुताबिक फिजी सरकार ने कहा कि एक साधारण और विनम्र पृष्ठभूमि से उठकर दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र का अगुवा बनने वाले नेता के उचित स्वागत की तैयारी आईतौकेई परंपरा के मुताबिक की गई थी। मोदी 1981 के बाद फिजी की यात्रा पर जाने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं। फिजी मोदी के तीन राष्ट्रों की 10 दिवसीय यात्रा का अंतिम पड़ाव है। वह म्यांमार से अपनी यात्रा शुरू कर ऑस्ट्रेलिया होते हुए फिजी पहुंचे हैं। फिजी की कुल 9,00,000 आबादी में से 37 फीसदी संख्या भारतवंशियों की है।