5 Dariya News

किरण बेदी की किताब आई 'भ्रष्टाचार भारत छोड़ो'

5 Dariya News

पटना 10-Nov-2014

बिहार की राजधानी पटना में चल रहे पुस्तक मेले में सोमवार को देश की पहली भारतीय पुलिस सेवा की अधिकारी और समाजसेवी किरण बेदी की किताब 'भ्रष्टाचार भारत छोड़ो' का लोकार्पण किया गया। इस पुस्तक का लोकार्पण 'सुपर 30' के संस्थापक आनंद कुमार ने किया। आनंद ने कहा कि यह किताब समाज में फैले भ्रष्टाचार को केंद्रबिंदु बनाकर लिखा गया है, इसलिए यह सभी को पसंद आएगी। खासकर युवाओं को विशेष रूप से आकर्षित और प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि आज भ्रष्टाचार से सभी लोग त्रस्त हैं और इस किताब में भ्रष्टाचार की ही चर्चा है। आनंद ने किरण बेदी की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक पुलिस अधिकारी का भ्रष्टाचार के खिलाफ लेखनी उठाना उनकी दक्षता और काबलियत को दर्शाती है। 

प्रभात प्रकाशन से प्रकाशित इस किताब के लोकार्पण के मौके पर किरण बेदी स्वयं मौजूद थीं। उन्होंने कहा, "भ्रष्टाचार भारत की शासन प्रणाली में इस हद तक समाया हुआ है कि आम आदमी का प्रत्येक प्रशासनिक कार्य पर से विश्वास उठ चुका है। व्यापक रूप से फैल चुकी इस बीमारी को न्याय प्रणाली से ही दूर किया जा सकता है।"इस मौके पर प्रभात प्रकाशन के राजेश शर्मा सहित कई प्रकाशक और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित थे। लोकार्पण के एक घंटे के बाद ही इस पुस्तक की 200 प्रतियां बिक गईं।