5 Dariya News

विधानसभा अध्यक्ष की प्रधानमंत्री से भेंट

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 10-Jul-2013

हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष बी.बी.एल. बुटेल ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से भेंट कर उनसे अनुरोध किया कि प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर राहत एवं निर्माण कार्यों के लिए उदार वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाई जाए।श्री बी.बी.एल. बुटेल ने प्रधानमंत्री को जानकारी दी कि प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में भारी नुकसान हुआ है और जानो-माल को काफी क्षति हुई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रभावित क्षेत्रों में समय पर राहत एवं बचाव कार्य आरम्भ करने की दिशा में सराहनीय कार्य किया गया है। इसी के दृष्टिगत सभी प्रभावित क्षेत्रों में समयबद्ध तरीके से सामान्य जनजीवन बहाल हुआ है तथा जानो-माल की और अधिक क्षति को होने से रोका जा सका है।

विधानसभा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार को केन्द्रीय सहायता के रूप में 1000 करोड़ रुपये शीघ्र स्वीकृत किए जाएं तथा विभिन्न केन्द्रीय प्रायोजित योजनाओं के तहत प्रदेश को विभिन्न परियोजनाएं स्वीकृत की जाएं ताकि समूचे क्षेत्र में जनजीवन सामान्य बनाया जा सके और प्रभावित क्षेत्रों में विकासात्मक परियोजनाएं आरम्भ की जा सकें। उन्होंने कहा कि बाढ़ के कारण प्रदेश में विकास प्रक्रिया एक वर्ष पीछे चली गई है और पर्यटक सीजन पर भी इसका प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है। जिस समय प्रदेश में बाढ़ आई तो उस समय पर्यटक सीजन चरम पर था। उन्होंने कहा कि इस कारण पर्यटन उद्योग पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ा है और समूचे प्रदेश में पर्यटन गतिविधियां प्रभावित हुई हैं।बी.बी.एल. बुटेल ने हिमाचल पर्यटन उद्योग अधोसंरचना इत्यादि के लिए विशेष प्रोत्साहन की मांग की ताकि प्राकृतिक आपदा के कारण हुए नुकसान की प्रतिपूर्ति की जा सके।