5 Dariya News

करनाल की पहली मेयर रेनू बाला गुप्ता ने पदभार ग्रहण किया

5 दरिया न्यूज (प्रशांत कौशिक)

करनाल 10-Jul-2013

शहर की प्रथम नागरिक एवं नगर निगम करनाल की पहली मेयर रेनू बाला गुप्ता ने आज प्रात: स्थानीय नगर निगम कार्यालय में जाकर, विधिवत मेयर का पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उपायुक्त एवं नगर निगम आयुक्त रेनू एस फुलिया भी उपस्थित थी। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने उपस्थित मीडिया कर्मियों से रूबरू होकर कहा कि   नगर निगम क्षेत्र का चंहुमुखी विकास उनकी प्राथमिकता रहेगी और सभी नागरिकों के सहयोग से वे इसे पूरा करेंगी। उन्होंने कहा कि शहर में विकास कार्यों के साथ-साथ क्षतिग्रस्त सड़कों व नालियों की मर मत की जाएगी, स्ट्रीट लाईट व सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा। शहर के सभी वार्डों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी उपाय किए जाएंगे।सभी वार्डों के लोगों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में अवैध कालोनियों को नियमित करवाने के लिए वे भरसक प्रयास करेंगी। उन्होंने कहा कि उन्हें मेयर निर्वाचित होने के लिए निगम पार्षदों व शहर के सभी लोगों की ओर से भरपूर समर्थन व सहयोग मिला है। इसी को ध्यान में रखते हुए लोगों की आकंाक्षाओं व आशाओं के अनुरूप बिना किसी भेदभाव के सभी 20 वार्डों में विकास कार्य करवाए जाएंगे।

इस अवसर पर उपमंडलाधीश करनाल मुकुल कुमार, नगराधीश अमरदीप, तहसीलदार हरीओम अत्री, निगम के कार्यकारी अधिकारी सतबीर अहलावत, कार्यकारी अभियंता रमेश मंढ़ान, नगर निगम सचिव विनोद मेहरा, जिला कांग्रेस कमेटी (ग्रामीण)के अध्यक्ष सुरेन्द्र नरवाल, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष सुरेश गुप्ता,  समाज सेवी बृज गुप्ता, पूर्व मंत्री मीना मंडल, नगर निगम के सभी नवनिर्वाचित पार्षद, कांग्रेसी नेता सुरेश मतलौडा, रमेश सैनी, कंवल भसीन, देसराज गाबा, किशोर नागपाल तथा शहर के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद थे।