5 Dariya News

एचपीसीए भूमि विवाद मामले में प्रेम कुमार धूमल को जमानत

5 दरिया न्यूज

धर्मशाला 27-Oct-2014

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल को हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) को भूमि आवंटित करने के लिए कथित तौर पर फर्जीवाड़ा करने के मामले में सोमवार को जमानत मिल गई। सांसद अनुराग ठाकुर सहित धूमल के दोनों बेटे हालांकि स्थानीय निचली अदालत के समक्ष उपस्थित नहीं हो सके। अदालत ने मामले में 16 लोगों को सम्मन जारी किया था। अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश देविंदर कुमार ने धूमल और 10 अन्य लोगों को जमानती बांड और 25,000 रुपये का प्रतिभूत बांड जमा करने के बाद जमानत दे दी। विशेष सरकारी वकील सतीश ठाकुर ने आईएएनएस से कहा कि विशेष न्यायाधीश के.के. शर्मा ने छह सितंबर को 16 आरोपियों को अदालत में व्यक्तिगत तौर पर हाजिर होने के लिए सम्मन जारी किया था। शर्मा ने बताया कि एचपीसीए के अध्यक्ष अनुराग ठाकुर संसदीय कार्य में व्यस्त होने के चलते अदालत के समक्ष हाजिर नहीं हो सके। अदालत ने उनके आवेदन पर उन्हें हाजिर होने से छूट दे दी। शर्मा ने कहा, "तीन अन्य आरोपियों, अरुण धूमल, विशाल मारवाह और सुरेंदर ठाकुर, को चूंकि सम्मन नहीं मिल सका इसलिए वे भी हाजिर नहीं हो सके।"उन्होंने बताया कि अदालत के समक्ष हाजिर हुए 11 आरोपियों को आरोप-पत्र की एक-एक प्रति दी गई। अदालत अब मामले की अगली सुनवाई 19 दिसंबर को करेगी।