दिलीप ट्रॉफी : गौतम गम्भीर के शतक के बावजूद मध्य क्षेत्र को बढ़त
5 दरिया न्यूज
एस.ए.एस. नगर (मोहाली) 24-Oct-2014
गौतम गम्भीर (167) की कप्तानी पारी की बदौलत उत्तर क्षेत्र की टीम पंजाब क्रिकेट संघ मैदान पर मध्य क्षेत्र के खिलाफ जारी दिलीप ट्रॉफी अंतर क्षेत्रीय टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में शुक्रवार को अपनी पहली पारी में 457 रन बनाने में सफल रही लेकिन उसे बढ़त नहीं प्राप्त हो सकी। दूसरी ओर, लाहली में दक्षिण क्षेत्र ने पूर्व को पारी व 118 रनों से हराकर फाइनल में स्थान पक्का कर लिया है। मध्य क्षेत्र ने अपनी पहली पारी में जलज सक्सेना (110) तथा नमन ओझा (217) की शानदार पारियों की बदौलत 238 रन बनाए थे। उत्तर क्षेत्र ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक पहली पारी में दो विकेट पर 130 रन बनाए थे।
गम्भीर 68 और युवराज सिंह 25 रनों पर नाबाद लौटे थे। युवराज 47 के निजी योग पर पवेलियन लौट गए लेकिन गम्भीर ने शानदार सैकड़ा पूरा किया। मंदीप सिंह ने भी 74 रनों की पारी खेली। इसके अलावा नितिन सैनी ने 56 और परवेज रसूल ने 44 रन जोड़े। मध्य की ओर से कुलदीप यादव ने तीन विकेट लिए जबकि पंकज सिंह, ईश्वर पांडेय और कर्ण शर्मा को दो-दो सफलता मिली। गम्भीर की 242 गेंदों की पारी में 18 चौके शामिल हैं। युवराज ने 104 गेंदों पर सात चौके और एक छक्का लगाया जबकि मंदीप ने 169 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का जड़ा। नितिन ने 64 गेंदों पर आठ चौके और एक छक्का लगाया जबकि रसूल ने 47 गेंदों पर छह चौके और एक छक्का जड़ा।
पूर्व को पारी के अंतर से हराकर दक्षिण क्षेत्र फाइनल में
लाहली (हरियाणा) : तेज गेंदबाज एचएस शरथ (27-4) और स्टुअर्ट बिन्नी (23-3) की धारदार गेंदबाजी की बदौलत दक्षिण क्षेत्र ने शुक्रवार को चौधरी बंसीलाल स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल मुकाबले में पूर्व क्षेत्र को पारी और 118 रनों से हराकर दिलीप ट्रॉफी अंतर क्षेत्रीय क्रिकेट टूर्नामेंट के फाइनल में जगह बना ली है। फॉलोऑन खेलते हुए पूर्व क्षेत्र की टीम इस चार दिवसीय मैच के तीसरे दिन 23.4 ओवरों में 62 रन बनाकर सिमट गई। इस टीम ने दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक चार विकेट पर 30 रन बनाए थे। सौरभ तिवारी दो और लक्ष्मी रतन शुक्ला 10 रनों पर नाबाद लौटे थे। तिवारी 13 और शुक्ला 18 रन बनाकर आउट हुए।
इसके बाद और उससे पहले कोई बल्लेबाज दहाई तक नहीं पहुंच सका। तिवारी और शुक्ला ने पांचवें विकेट के लिए 25 रन जोड़े, जो इस टीम के लिए दूसरी पारी में सबसे बड़ी साझेदारी रही। पूर्व क्षेत्र ने अपनी पहली पारी में 84 रन बनाए थे। पहली पारी में बिन्नी ने चार और प्रज्ञान ओझा ने तीन विकेट लिए थे। शरथ को भी दो विकेट मिले थे। दक्षिण क्षेत्र ने अपनी पहली पारी में 264 रन बनाए थे। इसमें रोबिन उथप्पा का 120 रन शामिल है। उथप्पा की 196 गेंदों की पारी में 14 चौके और दो छक्के शामिल हैं। पूर्व की ओर से शुक्ला ने चार विकेट लिए थे। राणा दत्ता और अशोक डिंडा ने दो-दो सफलता हासिल की थी।