5 Dariya News

मुख्यमंत्री ने अम्बिका सोनी से भेंट की

5 दरिया न्यूज

शिमला 27-Jun-2013

मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने आज नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस समिति की महासचिव एवं पार्टी मामलों की हिमाचल प्रदेश प्रभारी श्रीमती अम्बिका सोनी से भेंट की। मुख्यमंत्री ने श्रीमती सोनी को प्रदेश के विभिन्न भागों में बेमौसमी बर्फबारी, वर्षा, बादल फटने और भू-स्खलन के कारण हुए नुकसान से अवगत करवाया।राजधानी के अपने दौरे में मुख्यमंत्री का यूपीए अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गॉंधी, प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह और केन्द्रीय नेताओं से मिलने का कार्यक्रम है। 

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड की आपदा के कारण हिमाचल प्रदेश की आपदा को पूर्ण तवज्जो नहीं मिली किन्तु केन्द्र सरकार हिमाचल प्रदेश में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान और पीड़ा से परिचित है और प्रदेश सरकार को आश्वासन दिया गया है कि नुकसान के वास्तविक आकलन के अनुसार प्रदेश को समुचित राहत पैकेज शीघ्र उपलब्ध करवा दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान प्रदेश कल्याण से सम्बन्धित विभिन्न मामले जिनमें औद्योगिक पैकेज की अवधि बढ़ाना शामिल है भी सम्बन्धित मंत्रालयों के साथ उठाएंगे ताकि प्रदेश में औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने के इच्छुक उद्यमियों को विभिन्न प्रोत्साहन उपलब्ध करवाए जा सकें। इससे न केवल प्रदेश की आर्थिकी सशक्त बनेगी, अपितु युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।