5 Dariya News

हरियाणा विधानसभा में इस बार अपेक्षाकृत युवा विधायक

5 दरिया न्यूज

चंडीगढ़ 20-Oct-2014

हरियाणा की 13वीं विधानसभा के नवनिर्वाचित विधायक पिछले विधानसभा के मुकाबले युवा हैं और सबसे युवा विधायक की उम्र 29 साल है। 90 विधायकों में से करीब 50 फीसदी की उम्र 50 साल या उससे कम है। भाजपा के सबसे युवा विधायक सुखविंदर (29) ने कांग्रेस के रणबीर सिंह महेंद्र को बध्रा सीट से हराया है। महेंद्र बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बंसी लाल के बेटे हैं। राज्य के सबसे अधिक उम्र के विधायक इंडियन नेशनल लोक दल (इंनेलो) के हरि चंद मिद्धा (72) हैं। 44 नवनिर्वाचित विधायक या तो 50 साल के हैं या फिर इससे कम उम्र के। इनमें से भाजपा के 23, इंडियन नेशनल लोकदल (इंनेलो) के 12 और कांग्रेस के चार विधायक शामिल हैं। हरियाणा का गठन एक नवंबर 1966 को हुआ था, और कुछ ही दिनों में राज्य अपने गठन का 48वां साल पूरा करेगा। 

13 महिला विधायकों में से नौ की उम्र 50 से कम है। यह पहला मौका है जब हरियाणा में 13 महिलाएं विधानसभा पहुंची हैं। इससे पहले 2005 में 11 महिलाएं विधानसभा पहुंची थीं। 2014 के विधानसभा चुनाव में ऐसा पहली बार हुआ है, जब कोई पति-पत्नी साथ-साथ हरियाणा विधानसभा की दहलीज पर कदम रखेंगे। हरियाणा जनहित कांग्रेस अध्यक्ष कुलदीप बिस्नोई और उनकी पत्नी रेणुका बिस्नोई पहली बार साथ-साथ विधानसभा जाएंगे। दोनों की उम्र क्रमश: 46 वर्ष और 40 वर्ष है। कुलदीप पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के बेटे हैं। कुलदीप के बड़े भाई चंद्र मोहन पूर्व उप मुख्यमंत्री थे, लेकिन इस बार वह चुनाव हार गए हैं। 

इधर, इंनेलो के नेता अभय चौटाला और उनकी भाभी नैना चौटाला विधानसभा के लिए निर्वाचित हुए हैं। नैना पूर्व उप प्रधानमंत्री देवी लाल के राजनीतिक परिवार की पहली महिला हैं, जिन्होंने चुनाव लड़ा और जीत हासिल की है। अभय और नैना की उम्र क्रमश: 49 वर्ष और 47 वर्ष है। 

नैना के बेटे और हिसार से सांसद दुष्यंत चौटाला को उचाना कलां से हार का मुंह देखना पड़ा।राज्य में भाजपा बहुमत का आंकड़ा छूने में कामयाब रही है। दूसरे स्थान पर इंनेलो है, जिसके 19 उम्मीदवारों को जीत हासिल हुई। कांग्रेस को 15, हरियाणा जनहित कांग्रेस को दो, शिरोमणि अकाली दल और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को एक-एक सीट पर जीत हासिल हुई है। इस बार पांच निर्दलीय उम्मीदवार निर्वाचित होकर विधानसभा पहुंचे हैं।