5 Dariya News

महाराष्ट्र : शिवसेना को सर्वाधिक नुकसान भाजपा से

5 दरिया न्यूज

मुंबई 19-Oct-2014

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव से ठीक पहले गठबंधन टूटने के बाद अलग-अलग मैदान में उतरी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिव सेना आज राज्य में सीटों के मामले में क्रमश: पहले और दूसरे स्थान पर हैं। जबकि इसके पहले के अबतक के चुनावों में यह क्रम उलटा हुआ करता था, और शिव सेना हमेशा भाजपा से आगे रहती थी। खास बात यह है कि शिव सेना को नंबर दो पर पहुंचाने का काम भाजपा ने ही किया है। यह अलग बात है कि शिवसेना की सीट संख्या पिछल विधानसभा चुनाव से बढ़ी है, लेकिन भाजपा ने इस चुनाव में उसकी पूर्व की सीटें अपने नाम कर ली है। शिवसेना को कुल 19 सीटों का फायदा हुआ है। पिछली बार उसे 44 सीटें मिली थीं, और इस बार उसे 63 सीटों पर जीत मिली है।

भाजपा और शिवसेना के बीच फिर गठबंधन की संभावना है। लेकिन चुनावी समर की बात की जाए तो दोनों दल 53 सीटों पर एक-दूसरे को सीधी टक्कर देते नजर आए।इनमें से भाजपा ने 33 सीटों पर बाजी मारी, जबकि शिवसेना ने 20 सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों को हराया। शिवसेना की पूर्व की सीटों में भी सर्वाधिक सेंधमारी भाजपा ने ही की। भाजपा ने शिवसेना को उनकी 13 पूर्व सीटों पर हराया। भाजपा ने शिवसेना से अंबरनाथ, अंकोट, बदनापुर, भंडारा, दहिसर, दरियापुर, गोरेगांव, हडपसार, हिंगनघाट, जलगांव शहर, कोपरगांव, कोथरूद, रामटेक और ठाणे सीटें छीन ली। शिवसेना ने जहां 282 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे, वहीं भाजपा कुल 257 सीटों पर चुनाव लड़ी। शिवसेना से ही अलग हुई महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) ने 219 सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन उन्हें सिर्फ एक सीट पर जीत मिली है।