5 Dariya News

हरियाणा : भाजपा को सामान्य बहुमत, हुड्डा का इस्तीफा

5 दरिया न्यूज

चंडीगढ़ 19-Oct-2014

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने रविवार को हरियाणा की 13वीं विधानसभा में सरकार बनाने के लिए साधारण बहुमत हासिल कर लिया। राज्य की 90 विधानसभा सीटों में भाजपा को 47 सीटों पर जीत हासिल हुई है। इस बीच हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी को मिली पराजय के बाद रविवार को राज्यपाल कप्तान सिंह सोलंकी को अपना इस्तीफा सौंप दिया। पिछले विधानसभा चुनाव में 40 सीटें जीतने वाली कांग्रेस पार्टी इस बार 15 सीटों पर सिमट गई, जबकि 19 सीटों के साथ इंडियन नेशनल लोकदल दूसरे स्थान पर है।हुड्डा ने इस्तीफा सौंपने से पहले वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक की और उसके बाद मीडिया को संबोधित किया। हुड्डा ने हरियाणा विधानसभा चुनाव में हार स्वीकार कर ली। वह मार्च 2005 से हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं। 

हुड्डा ने कहा, "यह जनादेश है। मैं इसे स्वीकार करता हूं और नई सरकार को शुभकामनाएं देता हूं।"उन्होंने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि नई सरकार हरियाणा के विकास की रफ्तार धीमी नहीं होने देगी।"उल्लेखनीय है कि रविवार को हुई मतगणना में हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा को 47, इनेलो को 19, कांग्रेस को 15, हजकां को 2, बसपा और शिअद को एक-एक सीटें मिली हैं। पांच सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवारों ने जीत हासिल की है।