हरियाणा : भाजपा जीत की ओर अग्रसर
5 दरिया न्यूज
चंडीगढ़ 19-Oct-2014
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) हरियाणा में पहली बार अकेले दम पर सरकार बनाने की ओर अग्रसर है। मौजूदा मुख्यमंत्री कांग्रेस के भूपिंदर सिंह हुड्डा ने राज्य में भाजपा को बहुमत मिलता देख अपनी हार स्वीकार कर ली है। भाजपा ने अब तक घोषित नतीजों में 28 में से 13 सीटें जीत ली है और वह 38 सीटों पर आगे चल रही है। इसके अधिकांश उम्मीदवार अपने क्षेत्रों में अपने प्रतिद्वंद्वियों पर बड़े अंतर से बढ़त बनाए हुए हैं। पार्टी को राज्य में बहुमत के लिए 46 सीटों की जरूरत है। भाजपा के हरियाणा प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा, "हरियाणा की जनता बदलाव चाहती थी। हमारी पार्टी के कार्यकर्ताओं और नेताओं ने काफी मेहनत की है। हमारी सफलता का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह को जाता है।"
भाजपा में कई नेताओं के मुख्यमंत्री पद की होड़ में होने को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में विजयवर्गीय ने कहा, "पार्टी मिलकर अगले मुख्यमंत्री पर विचार करेगी। उम्मीदवार वह शख्स होगा, जो हरियाणा के सभी वर्गों को स्वीकार्य होगा।"
कांग्रेस की हार स्वीकारते हुए हुड्डा ने कहा, "यह जनादेश है। मैं इसे स्वीकार करता हूं और नई सरकार को शुभकामनाएं देता हूं।"उन्होंने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं कि नई सरकार हरियाणा के विकास की रफ्तार धीमी नहीं होने देगी।"वह मार्च 2005 से हरियाणा के मुख्यमंत्री हैं। अपराह्न एक बजे के रुझान तक कांग्रेस सिर्फ पांच सीटें जीत पाई थी और नौ पर आगे चल रही थी। इंडियन नेशनल लोकदल (इंनेलो) राज्य में दूसरे स्थान पर है। इसे सात सीटों पर जीत हासिल हुई है और 10 पर आगे चल रही है। भाजपा की शुरुआत रविवार को जीत के साथ हुई, इसके वरिष्ठ नेता अनिल विज को अंबाला कैंट से 15,462 वोटों से जीत हासिल हुई है। राज्य में भाजपा की जीत उसके लिए बड़ी उपलब्धि होगी, क्योंकि 2009 के विधानसभा चुनाव में इसे सिर्फ चार सीटें मिली थी। हरियाणा की 90 सीटों के लिए रविवार सुबह मतगणना शुरू हुई। राज्य में इस साल रिकार्ड 76.54 फीसदी मतदान हुआ था।