5 Dariya News

हरियाणा में भाजपा को मिलेगा बहुमत : कृष्ण पाल

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 18-Oct-2014

केंद्रीय सड़क परिवहन राज्यमंत्री कृष्ण पाल ने कहा है कि हरियाणा में हुए विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को स्पष्ट बहुमत मिलेगा और इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा कार्यकर्ताओं को जाएगा। मतगणना के एक दिन पहले राष्ट्रीय राजधानी स्थित अपने आवास पर आईएएनएस को दिए एक साक्षात्कार में कृष्ण पाल ने कहा कि रविवार को होने वाली मतगणना के नतीजे हरियाणा के लोगों तथा भाजपा के लिए ऐतिहासिक होगा।सरकार बनने पर राज्य में मुख्यमंत्री उम्मीदवार के मुद्दे पर पाल ने कहा कि पार्टी को सभी समुदायों का समर्थन मिला है और चुनाव अभियान में सारी बाधाएं टूटी हैं।फरीदाबाद से सांसद 57 वर्षीय कृष्ण पाल ने कहा कि वह एग्जिट पोल से सहमत हैं, जिसमें अधिकांश में भाजपा को बहुमत मिलता दिखाया गया है। उन्होंने कहा, "हमें स्पष्ट बहुमत मिलेगा।"यह पूछे जाने पर कि अगर बहुमत नहीं मिला तो भाजपा क्या हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) या इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) का समर्थन लेगी, कृष्ण पाल ने कहा कि इसकी नौबत ही नहीं आएगी।उन्होंने कहा, "हरियाणा के लोगों ने दृढ़तापूर्वक भाजपा का समर्थन किया है।

"यह पूछे जाने पर कि क्या वह मुख्यमंत्री पद की दौड़ में हैं, पाल ने कहा, "मैं किसी दौड़ का हिस्सा नहीं हूं।"उन्होंने कहा, "पार्टी ने जो भी जिम्मेदारियां मुझे सौंपी हैं, उसका मैंने ईमानदारीपूर्वक वहन किया है। भविष्य में मुझे जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, उसका मैं गंभीरतापूर्वक निर्वहन करूंगा।"इस बारे में पूछे जाने पर कि अगर भाजपा को बहुमत मिलता है, तो क्या वह गैर जाट मुख्यमंत्री का चयन करेगी, पाल ने कहा कि भाजपा सभी समुदायों को साथ लेकर चलेगी। यह जनादेश सुशासन, सुरक्षा और विकास के लिए होगा। यह पूछे जाने पर कि जीत होने पर मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार विधायक या सांसद में से होगा, मंत्री ने कहा कि यह निर्णय केंद्रीय नेतृत्व लेगा। उन्होंने कहा कि पार्टी के संभावित अच्छे प्रदर्शन के पीछे मोदी को मिल रहा समर्थन है और पार्टी की जीत का श्रेय प्रधानमंत्री व राज्य के लोगों को जाएगा। पाल ने कहा, "मोदी में लोगों का बहुत विश्वास है। 

लोग यही सोचते हैं कि मोदी विकास के पर्याय हैं।"चुनाव प्रचार के क्रम में मोदी ने हरियाणा में कई जनसभाएं की थीं। राज्य में पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कृष्ण पाल ने कहा कि पार्टी अध्यक्ष अमित शाह की संगठनात्मक क्षमताओं ने राज्य में भाजपा की बेहद मदद की है। उन्होंने कहा, "मोदी और अमित शाह ने पार्टी के लिए यूथ व बूथ को जोड़ने का काम किया है। दोनों के संयोजन का अच्छा परिणाम निकलेगा।"हरियाणा में चुनाव को लेकर कई एग्जिट पोल हुए हैं। इंडिया टीवी-सी वोटर सर्वे ने भाजपा को हरियाणा में 30-40 सीटें दी हैं। वहीं एबीपी-निल्सन पोल के मुताबिक भाजपा यहां 46 सीटें जीतने में कामयाब होगी, जबकि चाणक्य के अनुसार, भाजपा 52 सीटें तक जीतने में कामयाब होगी।15 अक्टूबर को हुए चुनाव का परिणाम रविवार को आने वाला है।