हरियाणा में सर्वाधिक मतदान : आयोग
5 दरिया न्यूज
नई दिल्ली 15-Oct-2014
निर्वाचन आयोग ने बुधवार को यहां कहा कि हरियाणा में, अब तक हुए किसी भी विधानसभा चुनाव से सर्वाधिक मतदान हुआ है। उपनिर्वाचन आयुक्त उमेश सिन्हा ने यहां मीडियाकर्मियों से कहा, "हरियाणा में 73 प्रतिशत मतदान हुआ है, जो अबतक किसी भी विधानसभा चुनाव का सर्वोच्च प्रतिशत है।"सिन्हा ने कहा कि महाराष्ट्र में शाम पांच बजे तक 54.5 प्रतिशत मतदान हुआ था और यह आंकड़ा 62 प्रतिशत तक जा सकता है। महाराष्ट्र में 2009 के विधानसभा चुनाव में 59.9 प्रतिशत मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग ने कहा कि महाराष्ट्र के नक्सल प्रभावित गढ़चिरौली इलाके में गोलीबारी की दो घटनाएं हुई हैं। गोलीबारी में सीआरपीएफ का एक जवान घायल हुआ है। हरियाणा में सिरसा में हिंसा की एक घटना घटी है, लेकिन उसमें कोई घायल नहीं हुआ।