5 Dariya News

यह विकास की हवा कांग्रेस पार्टी को तीसरी बार हरियाणा में विजयी बनाएगी : भूपेन्द्र सिंह हुड्डा

5 दरिया न्यूज

रोहतक 15-Oct-2014

हरियाणा के विकास की हवा पूरे प्रदेश में बह रही है। यह विकास की हवा कांग्रेस पार्टी को तीसरी बार हरियाणा में विजयी बनाएगी। यह विश्वास हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने आज अपने पैतृक गांव सांघी में मतदान करने उपरांत उपस्थित मीडिया कर्मियों के सवालों पर जताया। भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि नेक-नीयत, शराफत और विकास का संदेश प्रदेश के लोगों के मन में घर कर चुका है तथा हरियाणा की जनता कांग्रेस पार्टी को विजय का आशीर्वाद देगी। भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के साथ उनके सासंद पुत्र दीपेन्द्र सिंह हुड्डा, उनकी धर्मपत्नी श्रीमती आशा हुड्डा, तथा अन्य परिजनों ने सांघी गांव में मतदान किया। आज प्रात: भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने अपने पैतृक गांव सांघी प्रस्थान से पूर्व अपनी माता श्रीमती हरदेई से पांव छूकर आशीर्वाद लिया। भाव-विभोर मां ने भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के सिर पर हाथ रखकर आशीर्वाद दिया। इससे पूर्व प्रात: मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने सर्विस क्लब में बैडमिंटन मैच में अपने खेल हुनर का परिचय दिया। पत्रकारों के सवालों पर उन्होंने कहा कि मैं एक स्पोर्टस पर्सन हूं। राजनीति भी खेल की भावना से खेलता हूं। 

वहीं, रोहतक संसदीय क्षेत्र के सांसद दीपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि  हरियाणा में प्रो-इंकबेंसी की हवा है। विकास का कोई विकल्प नहीं, विकासात्मक राजनीति की अपनी विशेष पहचान है, ऐसा उनका कहना था। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के पैतृक गांव में गांव-वासियों का उत्साह देखते ही बनता था, महिलाओं ने पारंपरिक मंगल गीतों से भूपेन्द्र सिंह हुड्डा का अभिनंदन किया। गांव की महिलाओं ने गाकर-नाचकर हर्ष जताया तथा भूपेन्द्र सिंह हुड्डा के जीत की मंगल कामनांए की। मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती आशा हुड्डा ने कहा कि आम जनता, विशेष रूप से महिलाओं का स्नेह, विश्वास और समर्थन चौ भूपेन्द्र सिंह हुड्डा तथा उनके सरकार के साथ रहा है। मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने मतदान उपरांत गांव से प्रस्थान के समय समस्त गांव वासियों का आभार जताते हुए कहा कि च्च्तम आडै के इलैक्शन ने संभाल लियो, मैं हरियाणा नै संभाल लूंगाज्ज्।  गांव वासियों ने जयघोष कर अपने लाडले सपूत भूपेन्द्र सिंह हुड्डा तथा दीपेन्द्र सिंह हुड्डा को भारी जीत का आश्वासन दिया।