5 Dariya News

मनरेगा के कार्यों को समयबद्ध पूरा करना सुनिश्चित करें : उपायुक्त

सभी पंचायतों को मिलेगी इंटरनेट की सुविधा

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

हमीरपुर 15-Jun-2013

उपायुक्त आशीष सिंहमार ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि मनरेगा के तहत हमीरपुर जिला की विभिन्न पंचायतों में चल रहे विकास कार्यों को समयबद्व पूरा करना सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को इस योजना का भरपूर लाभ मिल सके। उपायुक्त डीआरडीए के सभागार में मनरेगा की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। 

उन्होंने बताया कि हमीरपुर जिला में गत वर्ष मनरेगा पर 24 करोड़ 87 लाख की राशि व्यय करके 12 लाख 41 हजार कार्यदिवस सृजित किए गए हैं जबकि 26 हजार 631 परिवारों को रोजगार उपलब्ध करवाया गया है। उपायुक्त ने बताया कि हमीरपुर जिला में मनरेगा के तहत 2470 विभिन्न कार्य पूर्ण किए जा चुके हैं। उन्होंने बताया कि मनरेगा कार्यों की नियमित तौर पर ब्लाक स्तर तथा जिला स्तर पर समीक्षा बैठकें आयोजित करने के दिशा निर्देश दिए गए हैं ताकि सभी कार्यों को समयबद्ध पूरा किया जा सके और इसका लाभ पात्र लोगों को मिल सके।

उपायुक्त आशीष सिंहमार ने बताया कि जिला की सभी पंचायतों में इंटरनेट सुविधा उपलब्ध करवाई जा रही है विभिन्न कार्यक्रमों के तहत चल रहे कार्यों की मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि पंचायतों में ब्राडबैंड या डोंगल के माध्यम से इंटरनेट की सुविधा उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया जाए ताकि कोई भी पंचायत बिना इंटरनेट के नहीं छूट पाए। उपायुक्त ने जानकारी देते हुए कहा कि मनरेगा कार्ड धारकों को त्वरित भुगतान की सुविधा उपलब्ध करवाने के दृष्टिगत ईएफएमएस फंड मैनेजटमेंट सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है तथा सभी कार्डधारकों को आन लाइन किया गया है इसके अतिरिक्त जिनके आधार कार्ड नहीं बने हैं उन लोगों के प्राथमिकता के आधार पर आधार कार्ड बनाने के दिशा निर्देश दिए गए हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा पात्र लोग सरकारी योजनाओं का लाभ उठा सकें।इससे पहले उपनिदेशक डीआरडीए राकेश शर्मा ने उपायुक्त का स्वागत करते हुए मनरेगा के तहत जिला में चल रही विभिन्न गतिविधियों की जानकारी देते हुए कहा कि मनरेगा के तहत निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध पूरा किया जा रहा है। इस अवसर पर जिला के सभी विकास खंडों के बीडीओ तथा ग्रामीण विकास विभाग के विभिन्न अधिकारी उपस्थित थे।