5 Dariya News

हम वचनबद्ध, रुकने नहीं देंगे विकास की रफ्तार : भूपेंद्र सिंह हुड्डा

मुख्यमंत्री ने किया प्रदेशवासियों से बढ़-चढक़र मतदान करने का आह्वान, कहा-हरियाणा को बनाएंगे देश में मॉडल प्रदेश

5 दरिया न्यूज

चंडीगढ़ 14-Oct-2014

हरियाणा के मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने प्रदेश के लोगों से बढ़-चढक़र मतदान करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि मतदान आम आदमी का अधिकार है और सभी को शांतिप्रिय ढंग से अपने इस अधिकार का इस्तेमाल करना चाहिए। मंगलवार को यहां जारी बयान में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस की नीति हमेशा विकास की रही है और तीसरी बार सत्ता में आने के बाद राज्य में पिछले दस वर्षों में शुरू हुई विकास की रफ्तार को और तेज किया जाएगा।उन्होंने कहा कि दस वर्षों के कार्यकाल में प्रदेश की जनता के सहयोग से ही कांग्रेस राज्य को विकास के मामले में अग्रणी बनाने में सफल रही है। उन्होंने कहा कि हम वचनबद्ध हैं कि प्रदेश में विकास की रफ्तार को कभी रुकने नहीं दिया जाएगा। जिस तेजी के साथ राज्य ने विकास किया है, उसे और भी बढ़ाया जाएगा। राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के नये अवसर पैदा किए जाएंगे और सभी वर्गों के उत्थान एवं विकास के लिए कदम उठाए जाएंगे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले दस वर्षों में उन्होंने प्रदेश में अमन-चैन एवं भाईचारा स्थापित करने की कोशिश की है। लोगों के सहयोग से वे इसमें कामयाब भी रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रति व्यक्ति आय में हम बड़े राज्यों में पहले नंबर पर हैं। उन्होंने कहा कि नेक नीयत के साथ प्रदेश के सभी वर्गों के उत्थान एवं विकास के लिए पिछले दस वर्षों में कार्य किए गए हैं और अब हरियाणा को देशभर में मॉडल राज्य बनाने का लक्ष्य है।हुड्डा ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है जहां बुजुर्गों, विधवाओं एवं विकलांगों को 1000 रुपये मासिक पेंशन मिल रही है। यह पेंशन पहली नवंबर, 2014 से बढक़र 1500 रुपये करने का फैसला प्रदेश सरकार पहले ही ले चुकी है। उन्होंने कहा कि राज्य में कांग्रेस की तीसरी बार सरकार बनने के बाद इसे और भी बढ़ाया जाएगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा पुलिस के अलावा सभी विभागों तथा बोर्ड एवं निगमों के कर्मचारियों को पहली नवंबर, 2014 से पंजाब के समान वेतनमान एवं पेंशन दी जाएगी।