होटल प्रबंधन संस्थान में 200 युवाओं को मिला निशुल्क प्रशिक्षण : उपायुक्त
प्रशिक्षुओं को 1200 से लेकर 2000 रूपये तक का प्रशिक्षण भत्ता
5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)
हमीरपुर 15-Jun-2013
भारत सरकार के पर्यटन मंत्रालय द्वारा बेरोजगारों को होटल इंडस्ट्री के लिए दक्ष बनाने के दृष्टिगत राष्ट्रीय होटल प्रबंधन संस्थान में आरंभ किए गए हुनर से रोजगार कार्यक्रम के तहत 200 युवाओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। यह जानकारी उपायुक्त आशीष सिंहमार ने देते हुए बताया कि हुनर से रोजगार कार्यक्रम में युवाओं को निशुल्क प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है ताकि युवाओं को होटल इंडस्ट्री में रोजगार के अवसर मिल सकें।
उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम से जिला ही नहीं बल्कि प्रदेश के बेरोजगार युवा भी भरपूर फायदा उठा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पूर्णतया निशुल्क है तथा इसमें आठवीं पास कोई भी बेरोजगार युवक-युवती प्रशिक्षण हासिल करने के लिए पात्र हैं, प्रशिक्षुओं को सरकार की तरफ से प्रशिक्षण भत्ता भी दिया जाता है ताकि गरीब एवं निर्धन परिवारों से ताल्लुक रखने वाले युवाओं को प्रशिक्षण हासिल करने में किसी तरह की दिक्कत नहीं हो।
उपायुक्त ने बताया कि सरकार द्वारा बेरोजगारों को स्वरोजगार उपलब्ध करवाने के लिए अनेकों कार्यक्रम कार्यान्वित किए जा रहे हैं तथा युवाओं को इन कार्यक्रमों का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। राष्ट्रीय होटल प्रबंधन संस्थान के प्रिंसिपल पीके गुप्ता ने बताया कि संस्थान में हुनर से रोजगार कार्यक्रम के तहत फूड प्रोडक्शन में आठ सप्ताह का प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसमें अभी तक चार बैच पास आउट हो चुके हैं जबकि बेकरी में भी आठ सप्ताह, फूड एंड बीवरेज में छह सप्ताह, स्कील टेस्टिंग में छह दिन का प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है इसमें प्रवेश प्राप्त करने के लिए आठवीं पास की न्यूनतम शैक्षणिक योज्यता निर्धारित की गई है जबकि प्रशिक्षण की अवधि के दौरान 1200 रूपये से लेकर 2000 रूपये तक का प्रशिक्षण भत्ता भी प्रशिक्षुओं को प्रदान किया जाता है। उन्होंने बताया कि स्कील टेस्टिंग के तहत पुलिस विभाग तथा टूरिज्म विभाग के कर्मचारियों को भी प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
पीके गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि इस कार्यक्रम के बेहतर नतीजे सामने आ रहे हैं फूड प्रोडक्शन के तीसरे बैच के नवीन कुमार को विदेश में ओमन के एक रेस्तरां में रोजगार मिला है जबकि चतुर्थ बैच के संजीव कुमार ने हमीरपुर में ही स्वरोजगार आरंभ किया गया है इसी तरह से शिलाई के दिलीप कुमार, विक्रम चंद को साया जी ग्रुप इंदोर में प्लेसमेंट हुई है इसके अतिरिक्त होटल एशिया रिजोर्ट धर्मशाला, केवी क्लासिक मनाली, बारवी क्यू नेशन हॉस्पीटलटी ग्रुप में भी यहां से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके युवाओं को रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने बताया कि हुनर से रोजगार कार्यक्रम के तहत कोई भी बेरोजगार प्रशिक्षण हासिल करने का इच्छुक हो तो वह सलासी स्थित राष्ट्रीय होटल प्रबंधन संस्थान में संपर्क कर सकता है।