5 Dariya News

भारतवासियों का सम्मान बढ़ाती है खेलों में हासिल उपलब्धियां : नरेंद्र मोदी

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 14-Oct-2014

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को 17वें एशियाई खेलों में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों का सम्मान किया। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि खिलाड़ियों की उपलब्धियां सभी देशवासियों का मान बढ़ाती हैं। मोदी ने कहा, "कोई भी देश आत्मसम्मान या गर्व के बिना उन्नति नहीं कर सकता। जब मंगलयान सफलतापूर्वक मंगल पर पहुंचा तो यह वैज्ञानिकों की उपलब्धि कही गई लेकिन इसने तमाम भारतवासियों को वैश्विक स्तर पर एक तरह की पहचान दिलाई।""इसी तरह जब कोई खिलाड़ी देश के लिए पदक जीतता है तो यह सभी देशवासियों के लिए गर्व की बात होती है। मैं इस बात से बेहद खुश हूं कि हमारा देश खेलों में तेजी से उन्नति कर रहा है और हमारे खिलाड़ी उपलब्धियां हासिल कर रहे हैं। 

मेरी ओर से सबको बधाई।"मोदी ने कहा कि देश अभी हालांकि वैश्विक स्तर पर खेलों के क्षेत्र में प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार नहीं है। मोदी ने कहा, "हालात बदल रहे हैं लेकिन रफ्तार कम है। अब राज्य खेलों पर ध्यान दे रहे हैं और खेल अकादमियां और खेल विश्वविद्यालय स्थापित कर रहे हैं।"मोदी ने कहा कि खिलाड़ी उन्हें अपना दोस्त समझें और अपनी हर समस्या और सुझाव के लिए उन तक आसानी से पहुंचें। बकौल मोदी, "आप मुझे अपना दोस्त समझिए। अगर आपकी कोई समस्या है तो मुझे सीधे फोन कीजिए।"मोदी ने यह भी कहा कि एक खिलाड़ी की गलती से देश का नाम खराब भी होता है।