5 Dariya News

राष्ट्रपति मुखर्जी ने नॉर्वे नरेश से मुलाकात की

5 दरिया न्यूज

ओस्लो 13-Oct-2014

राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने सोमवार को नॉर्वे नरेश हेराल्ड से यहां पैलेस प्लाजा में मुलाकात की। प्रणब नार्वे की यात्रा करने वाले भारत के पहले राष्ट्राध्यक्ष हैं। नॉर्वे तथा फिनलैंड की यात्रा के दौरान राष्ट्रपति के साथ भारतीय उद्योग परिसंघ और अन्य व्यापारिक संगठनों के लगभग 45 कारोबारी भी हैं। इस यात्रा का उद्देश्य दोनों देशों से भारत में निवेश को आकर्षित करना है।नरेश हेराल्ड और रानी सोनजा ने मुखर्जी के सम्मान में रॉयल पैलेस में सोमवार देर शाम भोज आयोजित किया है। यात्रा के दौरान मुखर्जी नॉर्वे की संसद में भी जाएंगे, जहां वह संसद अध्यक्ष ओलेमिक थॉमसन से मुलाकात करेंगे और ओस्लो फ्रैम संग्रहालय का अवलोकन करेंगे।

राष्ट्रपति मंगलवार को प्रधानमंत्री एरमा सोलबर्ग से मुलाकात करेंगे और मुंच संग्रहालय देखेंगे। साथ ही व्यापार, शोध और शिक्षा के क्षेत्र में भारत और नॉर्वे के बीच संभावित सहयोग के लिए वह हाउस ऑफ बिजनेस में एक बैठक में हिस्सा लेंगे।राष्ट्रपति अपनी पुत्री शर्मिष्ठा के साथ रविवार शाम ओस्लो के गार्डरमोन हवाईअड्डे पर पहुंचे, जहां उलनसाकर के महापौर हेराल्ड एस्पलुंड ने उनकी अगवानी की।मुखर्जी के साथ भारी उद्योग राज्य मंत्री पोन राधाकृष्णन, विदेश सचिव (पश्चिम) नवतेज सरना और अन्य वरिष्ठ अधिकारी हैं।