5 Dariya News

गोली देने वाले नहीं दे सकते बिजली-पानी : दीपेंद्र सिंह हुड्डा

रोहतक, जुलाना, रतिया, नलवा तथा बरौदा हलकों में की चुनावी सभाएं व रोड शो

5 दरिया न्यूज

रोहतक 13-Oct-2014

कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा है कि आज प्रदेश में इस बात के साफ संकेत मिल रहे हैं कि हरियाणा में तीसरी बार कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है। रोहतक, जुलाना, रतिया, हिसार तथा बरौदा हलकों में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सोमवार को कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में चुनावी सभाएं की और रोड शो निकाले।  

ठेठ हरियाणा अंदाज में मांगा समर्थन

इस दौरान सांसद ने ठेठ हरियाणवी अंदाज में कहा कि इब थारै हाथ में से, अक या मौज नूए राखणी से अक फे र वे दुख के दिन देखणे सै, जब उनका राज था तो नहरां में पानी ना था, इतना विकास नही था, लेकिन इब तो थारा अपणा राज सै। इस राज ने न्यूए बणा कै राखियो थारी मौज रही रहवगी। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार ने पिछले दस साल में इतना काम किया है जितना हरियाणा के गठन के बाद कभी भी नहीं हुआ। इसलिए आप अपना वोट बहुत सोच समझ कर दें ताकि प्रदेश में विकास की गाड़ी आगे बढ़ती रहे। उन्होंने कहा पूरे प्रदेश मेंं विकास के रिकार्ड तोड़ काम हुए और बहुत कामों की अभी गुंजाइश है, ये तभी संभव है जब आपके समर्थन से कांग्रेस उम्मीदवार जीतकर विधानसभा में जाएंगे। उन्होंने कहा कि आप  फैसला 15 अक्टूबर को कांग्रेस के पक्ष में मतदान करके कर देना सरकार में हिस्सेदारी देने का काम हमारा है। 

पीएम की भाषा हरियाणा की संस्कृति से मेल नहीं खाती    

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बयानबाजी पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री जिस भाषा का प्रयोग कर रहे हैं वो भाषा हमारी संस्कृति से मेल नहीं खाती। प्रधानमंत्री को जनता के समक्ष इस बात का जवाब देना चाहिए कि जिन वायदों पर केंद्र सरकार बनी वे कहां गए? भाजपा के अच्छे दिनों के वादे हवा हो गए हैं। भाजपा को इस बात का जवाब देना चाहिए कि सीमा पर लगातार गोलीबारी क्यों हो रही है?  मोदी पर तंज कसते हुए दीपेंद्र ने कहा कि चुनाव के लच्छेदार भाषण बाद में भी दिए जा सकते हैं इस समय देश की सीमाओं की सुरक्षा सर्वोपरि है। यह चिंता की बात है कि भाजपा के पांच माह के कार्यकाल में ही देश की सीमाओं के मामले हम क्यों असुरक्षित महसूस कर रहे हैं? इन सब बातों का जवाब दीपेंद्र ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मांगा। उन्होंने गुजरात मॉडल की तुलना हरियाणा से की। उन्होंने कहा कि गुजरात का मॉडल हरियाणा के सामने कहीं नहीं टिकता। क्योंकि देश में सबसे ज्यादा मनरेगा की दिहाड़ी 236 रुपए हरियाणा में है जबकि गुजरात में 147 रुपए है। गुजरात में पेंशन 400 रुपये और हरियाणा में 1000 रुपए है, जो 1 नवम्बर से 1500 रुपये मिलेगी। मैं चुनौती देता हूं कि प्रधानमंत्री पहले अपने प्रदेश गुजरात व अन्य भाजपा शासित प्रदेशों में हरियाणा के समान पेंशन व मनरेगा की दिहाड़ी दिलवाएं। 

इनेलो निर्दोष लोगों को जेलों में ठूंसने का काम करती है

आज की चुनावी जनसभाओं में इनेलो प्रमुख औमप्रकाश चौटाला पर कड़े प्रहार करते हुए सांसद ने कहा कि चौटाला पहले तो जेल में शपथ लेने की बात करते थे और फिर जेल तोडऩे की बात करने लगे। सांसद ने कहा कि इनेलो पार्टी जब सत्ता में आती है तो निर्दोष लोगों को जेलों में ठूंसने का काम करती है और विपक्ष में होती है तो जेल तोडऩे की शिक्षा प्रदेेश के लोगों को देती है। जेलों से इनका अटूट रिश्ता है क्योंकि जब ये सत्ता में थे तो इनके गुर्गे जेलों से फिरौतियां मांगा करते थे। इनके आचरण से लगता है कि ये प्रदेश को फिर उसी वातावरण की ओर ले जाना चाहते हैं जहां न व्यापारी सुरक्षित होगा और न ही कर्मचारी। आम आदमी भय और आंतक के साये में जीने पर मजबूर होगा। दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इनेलो राज में किसानों को पहले बिजली बिल माफी के नाम बहकाया गया, बिल माफ करने की बारी आई तो किसानों को गोलियों से भूना गया। उन्होंने कहा कि बिजली-पानी मांगने वाले किसानों को गोली देने वालों को वोट मांगने का अधिकार नहीं हैं। इनेलो राज में किसानों को बंदूक की गोलियां मिली, दुकानदार व व्यापारी वर्ग से रंगदारी व लूट-खसोट की गई और गरीबों का मजाक उड़ाया जाता था।