5 Dariya News

नीतीश, शरद, त्यागी, कर्ण व शिवपाल यादव ने इनेलो को जिताने का किया आह्वान

5 दरिया न्यूज

महेंद्रगढ़ 13-Oct-2014

बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, जनता दल (यू) के अध्यक्ष शरद यादव, समाजवादी पार्टी के नेता, उत्तरप्रदेश के वरिष्ठ मंत्री एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह के भाई शिवपाल यादव सहित अनेक प्रमुख नेताओं ने बुधवार को हरियाणा के विभिन्न विधानसभा हलकों का दौरा कर इनेलो प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे और लोगों से इनेलो प्रमुख चौधरी ओमप्रकाश चौटाला को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाए जाने का आह्वान किया। नीतीश कुमार ने महेंद्रगढ़ जिले के सतनाली, भिवानी, हिसार व गुडग़ांव जिले के सोहना में शिवपाल यादव, जेडीयू नेता केसी त्यागी व युवा इनेलो नेता कर्ण चौटाला के साथ चुनावी सभाओं को सम्बोधित करते हुए कांग्रेस व भाजपा पर तीखे प्रहार किए। जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव ने रेवाड़ी जिले के कोसली विधानसभा क्षेत्र के कस्बा नाहड़ में और सोहना में चुनावी सभाओं को सम्बोधित किया। 

नीतीश कुमार ने चौधरी देवीलाल को महान युगपुरुष बताते हुए कहा कि भाजपा व कांग्रेस पूंजीपतियों की पार्टी है। अगर मतदाताओं से इस बार चूक हो गई तो देश की तरह प्रदेश में भी पूंजीपतियों का शासन कायम हो जाएगा। अगर पूंजीपति इस देश का राजा बन गया तो फिर जनता भिखारी बन कर रह जाएगी। इसलिए पूंजीवादी शक्तियों को खत्म करने के लिए जनता दल परिवार को एक होना पड़ेगा, अन्यथा कमेरे की आवाज उठाने वाला कोई नहीं बचेगा। उन्होंने जननायक का उल्लेख करते हुए कहा कि चौधरी देवीलाल ने हरियाणा के साथ-साथ बिहार का भी विशेष ध्यान रखा। उन्होंने कहा कि किसान व कमेरे के हितों की लड़ाई लडऩे वाले चौधरी देवीलाल परिवार को आज इस संकट की घड़ी में हम भूल नहीं सकते और हर वर्ग का समर्थन उनके साथ है। उन्होंने कहा कि चौधरी देवीलाल देश के सर्वसम्मति से प्रधानमंत्री चुन लिए गए थे लेकिन उन्होंने अपने सिर का ताज न सिर्फ वीपी सिंह के सिर पर रख दिया बल्कि कृषि मंत्रालय में अपने साथ कृषि राज्य मंत्री बनवाया। 

उन्होंने इनेलो को चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि 1987 की तरह आज प्रदेश के लोगों के कंधों पर एक बड़ी जिम्मेदारी है जिससे देश की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ेगा। उन्होंने भाजपा पर वायदों के विपरीत काम करने और प्रधानमंत्री जैसे पद पर बैठे व्यक्ति की अमर्यादित भाषा को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि वे देश के प्रधानमंत्री की तरह नहीं बल्कि अकेले गुजरात के प्रधानमंत्री की तरह व्यवहार करने का आरोप लगाया।जेडीयू अध्यक्ष शरद यादव ने नाहड़ में चुनावी सभा को सम्बोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस व भाजपा की जोड़ी सास-बहू जैसी है और दोनों ही स्वार्थ की राजनीति करते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में रहकर सत्ता की मलाई खाने वाले लोगों ने भाजपा का दामन थाम लिया और अब वे कांग्रेस की बी टीम के रूप में चुनाव मैदान में हैं।

 उन्होंने लोगों से कांग्रेस व भाजपा दोनों को उखाड़ फैंकने का आह्वान करते हुए कहा कि रामपुरा हाउस के लोग जनता की भलाई के लिए नहीं बल्कि सत्तासुख भोगने तक ही यह परिवार सीमित है। उन्होंने इनेलो प्रत्याशियों को भारी मतों से विजयी बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि इस बार प्रदेश में कांग्रेस व भाजपा प्रत्याशियों की जमानतें जब्त होनी चाहिए। इन जनसभाओं में पहुंचने पर जनता दल यू व समाजवादी पार्टी के नेताओं का लोगों ने जोरदार स्वागत किया। युवा इनेलो नेता कर्ण चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश में इनेलो की लहर चल रही है और जनता के सहयोग से इनेलो की सरकार बनेगी। उन्होंने लोगों को चौधरी ओमप्रकाश चौटाला का संदेश भी दिया और कहा कि सत्ता के भूखे लोग तरह-तरह के प्रलोभन देकर लोगों को बहकाने का काम करेंगे लेकिन इस बार कहीं कोई चूक नहीं होनी चाहिए। जनसभाओं को पार्टी प्रत्याशियों के अलावा अन्य प्रमुख नेताओं ने भी सम्बोधित किया।