5 Dariya News

दीपेंद्र हुड्डा ने मोदी को दी चुनौती

पहले जनता से किए वायदे करें पूरे, फिर मांगे हरियाणा से समर्थन

5 दरिया न्यूज

फरीदाबाद 12-Oct-2014

कांग्रेस के स्टार प्रचारक एवं रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को सीधी चुनौती देते हुए कहा कि अगर वे हरियाणा के लोगों का समर्थन चाहते हैं तो पहले उन वायदों को पूरा करें जो लोकसभा चुनाव में उन्होंने जनता से किए थे। साथ ही, दीपेंद्र ने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा द्वारा बुना गया मायाजाल अब टूट चुका है और भाजपा के ऊपर से लोगों का भरोसा भी उठ चुका है। दीपेंद्र ने कहा कि कांग्रेस ने ईमानदारी के साथ हरियाणा में विकास किया है और उन्हें पूरा भरोसा है कि प्रदेश की जनता तीसरी बार भी कांग्रेस को अपना आशीर्वाद देगी और अपनी वोट की चोट से भाजपा को सबक सिखाएगी।दीपेंद्र रविवार को फरीदाबाद, तिगांव, बल्लबगढ़, फरीदाबाद एनआईटी, कोसली, महेंद्रगढ़ व झज्जर में चुनावी रैलियों को सम्बोधित कर रहे थे। इस दौरान दीपेंद्र ने कई शहरों में रोड शो भी किए। दीपेंद्र ने मोदी सवाल पर दागते हुए कहा कि केंद्र की मोदी सरकार इस बात का जवाब दे कि हरियाणा के किसानों के साथ ठगी क्यों की गई है। क्यों हरियाणा के किसानों को बासमती धान की पूरी कीमत नहीं मिल रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा के नेता इस बात का भी जवाब दें कि अपने पहले ही रेलवे व आम बजट में क्यों पूरी तरह से हरियाणा की अनदेखी की गई। दीपेंद्र ने कहा कि यूपीए सरकार ने प्रदेश के विकास के लिए सोनीपत के लिए रेल कोच फैक्टरी मंजूर की थी लेकिन मोदी सरकार ने अपने रेलवे बजट में न तो इस फैक्टरी का जिक्र किया और न ही इसके लिए बजट अलॉट किया गया। दीपेंद्र ने केंद्र सरकार को ललकारते हुए कहा कि अगर वे रेल कोच फैक्टरी को भी गुजरात में ले जाने की साजिश रच रहे हैं तो किसी मुगालते में न रहें हरियाणा के लोग किसी भी सूरत में ऐसा नहीं होने देंगे।इसी तरह से दीपेंद्र ने इनेलो पर भी जमकर भड़ास निकाली। भाजपा व इनेलो को आड़े होते हुए दीपेंद्र ने कहा कि प्रदेश में झूठ और लूट की राजनीति करने वालों के दिन लद चुके हैं। उन्होंने कहा कि शराफत और नेक नीयत की प्रतीक कांग्रेस सरकार लोगों के दिलों-दिमाग में बसी हुई है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के चारों कोनों से कांग्रेस को भारी समर्थन मिल रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह से लोगों का समर्थन मिल रहा है, उससे साफ है कि प्रदेश में तीसरी बार कांग्रेस की सरकार बनना तय है।

दीपेंद्र ने कहा कि इनेलो-भाजपा के सरकार में फरीदाबाद को फकीराबाद बना दिया था और हमारी सरकार आने के बाद इस जिले का चहुंमुखी विकास करवाया गया है। ईएसआई का मेडिकल कॉलेज यहां स्थापित किया गया। इसके अलावा वाईएमसीए यूनिवॢसटी बनाई गई। मेट्रो टे्रन फरीदाबाद व बल्लबगढ़ तक पहुंचा गई। बदरपुर फ्लाईओवर जैसे कई बड़े प्रोजेक्ट फरीदाबाद जिले को दिए गए हैं। दीपेंद्र ने कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में मतदान करने का आह्वान करते हुए कहा कि सत्ता में आने के बाद इस जिले के विकास में और भी तेजी लाई जाएगी ताकि यहां और भी बड़ी कंपनियां अपने उद्योग स्थापित करें।