5 Dariya News

हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटियों करेंगी लोगों को जागरूक : उपायुक्त

ग्रामीण क्षेत्रों में ठोस एवं कचरा प्रबंधन पर दिया जाएगा विशेष बल

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

हमीरपुर 13-Jun-2013

विलेज हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटियाँ पंचायत स्तर पर लोगों को स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं स्वच्छता के बारे में जागरूक करेंगी, इन कमेटियों में पंचायत प्रतिनिधियों के अलावा स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को शामिल किया गया है ताकि लोगों को समय समय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं स्वच्छता के बारे में जानकारियां उपलब्ध करवाई जा सकें। 

यह जानकारी उपायुक्त आशीष सिंहमार ने देते हुए बताया कि हमीरपुर जिला में विलेज एंड हेल्थ सेनिटेशन कमेटियों को अपनी गतिविधियां संचालित करने के लिए 22 लाख 90 हजार की राशि उपलब्ध करवाई गई है तथा प्रत्येक कमेटी को दस-दस हजार की राशि उपलब्ध करवाई जा रही है ताकि जागरूकता कार्यक्रमों का लोगों को लाभ मिल सके। उपायुक्त ने कहा कि इन कमेटियों के माध्यम से लोगों को पांरपरिक पेयजल स्रोतों के रखरखाव, स्वच्छता तथा सरकार द्वारा कार्यान्वित किए जा रहे स्वास्थ्य कार्यक्रमों की जानकारियां आम लोगों तक पहुंचाई जाएंगी ताकि लोग इन कार्यक्रमों का लाभ उठा सकें और अपने आस पास के क्षेत्रों को सुंदर और स्वच्छ बनाने में रचनात्मक सहयोग प्रदान कर सकें।

उपायुक्त ने बताया कि जिला की सभी 229 पंचायतों को खुला में शौच मुक्त करने का लक्ष्य पूर्ण कर लिया गया है तथा जिला की 157 ग्राम पंचायतें निर्मल ग्राम पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं जबकि सरकारी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में भी शौचालय निर्माण किया जा चुका है ताकि ग्रामीण क्षेत्रों को सुंदर एवं स्वच्छ बनाया जा सके। आशीष सिंहमार ने कहा कि चालू वित वर्ष में जिला में पर्यटन एवं धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण गांवों में ठोस एवं कचरा प्रबंधन पर विशेष बल दिया जाएगा। उपायुक्त ने ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि ग्रामीण विकास के लिए चलाए जा रहे विभिन्न कार्यक्रमों का सुचारू कार्यान्वयन सुनिश्चित करें तथा विलेज हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटियों की नियमित बैठकों का आयोजन भी किया जाए ताकि लोगों को स्वास्थ्य एवं स्वच्छता के बारे में जागरूक किया जा सके।