5 Dariya News

मानव तस्करी का मामला उजागर

5 दरिया न्यूज (विजयेन्दर शर्मा)

मैकलोडगंज(धर्मशाला) 13-Jun-2013

मैकलोडगंज में कथित तौर पर मानव तस्करी का एक मामला उजागर हुआ है। जानकारी के अनुसार लंबे समय से बिहार निवासी के एक 14 वर्षीय बच्चे से एक निजी होटल में जबरन काम लिया जा रहा था। बच्चे के बार-बार जिद्द करने के बावजूद उसे होटल का मालिक घर नहीं भेज रहा था। इससे बच्चा तनाव में रहकर जीवन व्यतीत कर रहा था। मालिक काम के बदले में बच्चे को पैस के बजाय दो वक्त का खाना खिलाकर टाल रहा था। होटल में आने वाले एक पर्यटक की नजर बच्चे पर पड़ी थी। इसके बाद पर्यटक ने इस बारे में पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने होटल में जाकर बच्चे को होटल मालिक के चंगुल से छुड़ाया और अब सुजानपुर स्थित बाल आश्रम में भेज दिया गया है। बच्चे की पढ़ाई भी आश्रम के माध्यम से होगी। साथ ही बच्चे के खाने पीने की व्यवस्था भी पुलिस ने आश्रम में ही करवाई है। ऐसा मामला उजागर होने के बाद पुलिस अलग-अलग होटलों में भी दबिश दे रही है। सूत्रों के अनुसार बच्चे का नाम जितेंद्र कुमार है और वह बिहार राज्य का रहने वाला है। बच्चे को बिहार से बहला फुसलाकर मैकलोडगंज लाया गया था। वहीं, एएसपी मोहित चावला ने बताया कि लड़के को सुजानपुर स्थित बाल आश्रम भेज दिया गया है।