सौ दिन में काला धन वापिस लाने का वादा किया था ,काला धन नहीं आया : राहुल गांधी
5 दरिया न्यूज
सिरसा 11-Oct-2014
कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि लोकसभा चुनाव के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विदेश नीति, पाकिस्तान और चीन पर बोलते थे। अब क्या हो रहा है? सीमा पर फायरिंग हो रही है। पहले प्रधानमंत्री बोले जल्द ठीक हो जाएगा, फिर कहा ईंट का जवाब पत्थर से देंगे और फिर कहा कि फायरिंग बंद हो गई और आज फिर फायरिंग हो रही है। कुछ भी कहना आसान है और करना बड़ा मुश्किल है। राहुल गांधी ने आज सिरसा जिले के कालांवाली क्षेत्र में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार को कटघरे में खड़ा किया। राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव में सौ दिन में काला धन वापिस लाने का वादा किया था और अब सौ दिन भी हो गए और काला धन भी नहीं आ पाया। उन्होंने कहा कि जो वादे किए थे उन्हें पूरा किया जाना चाहिए। चीन के राष्ट्रपति हमारे यहां आए, प्रधानमंत्री से मुलाकात हुई और साथ में ही चीन के सैनिक भारत में घुस आए। उन्होंने सवालों के कटघरे में ही केंद्र सरकार को खड़ा करते हुए कहा कि सरकार के अमेरिकी उद्योगपतियों के साथ हुए समझौते से देश में 108 दवाइयों के दाम बढ़ गए हैं। उन्होन कहा कि प्रधानमंत्री से अमेरिकी उद्योगपति मिले और कहा कि यूपीए की सरकार के समय जो दवाएं यहां नहीं आ सकी उन्हीं को लेकर समझौता किया गया है। इस समझौते से हिंदुस्तान की आबादी को कोई फायदा नहीं होगा और अमेरिकी कंपनियों को ही लाभ मिलेगा। कैंसर की जो दवा आठ हजार रुपये में मिलती थी वो अब एक लाख रुपये में मिलेगी।
राहुल गांधी ने कहा कि यूपीए सरकार ने जमीन अधिग्रहण, मनरेगा जैसे कानून गरीबों के लिए बनाए लेकिन यह सरकार इन्हें ात्म करना चाहती है। उन्होंने हरियाणा सरकार के कार्यों की तारीफ की और कहा कि हरियाणा ने विकास में जो रफ्तार पकड़ी है उसे ब्रेक नहीं लगना चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के खिलाडिय़ों पर देश को गौरव है। दो प्रतिशत आबादी वाले हरियाणा के हिस्से में 30 से 35 प्रतिशत मेडल आए हैं जो गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि अब नया नारा दिया जाना चाहिए, जय जवान, जय किसान और जय पहलवान। हरियाणा के लिए यही नारा स्टीक बैठता है। इस जनसभा में मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने कहा कि गांधी परिवार ने हरियाणा और इस इलाके के लिए बहुत कुछ किया है। हरियाणा अलग बनने का समझौता स्वर्गीय इंदिरा गांधी की कलम से हुआ, भाखड़ा डैम का पानी जवाहर लाल नेहरू की देन है जिससे इस क्षेत्र में खुशहाली आई। उन्होंने कहा कि भाजपा की केंद्र सरकार ने किसान और गरीब पर मार की है। इतनी जल्दी किसी सरकार की साख नहीं गिरी जितनी भाजपा की गिरी है। तीन महीने में ही 54 उप-चुनाव में से 21 जगह उन्हें हार का सामना करना पड़ा है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने आम आदमी को कड़वी घूंट पिलाई है। आज महंगाई चरम है। सब्जी से टमाटर गायब हो चुका है। कपास के दाम डेढ़ हजार रुपये क्विंटल गिर गए, नरमा के दाम दो हजार रुपये क्विंटल गिर गए यही अच्छे दिन हैं।
उन्होंने कहा कि हरियाणा में विकास हुआ है। इनेलो के समय में सिरसा जिला में 909 करोड़ रुपये खर्च हुए और कांग्रेस राज में 3433 करोड़ रुपये ार्च हुए हैं। बुढ़ापा पेंशन कांग्रेस ने बढ़ाई है और आगे भी बढ़ाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की कोई भी ताकत अलग गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के कानून को रद नहीं कर सकती और हमने इसे विधानसभा में पारित करवाया है।कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष डा. अशोक तंवर ने कहा कि कांग्रेस के राज में खुशहाली आई है। कानून व्यवस्था सही हुई है। उन्होंने कहा कि अकाली दल झूठ बोलकर सब्जबाग दिखाकर वोट मांगना चाहता है जबकि कांग्रेस ने कालांवाली को उपमंडल का दर्जा दिया और रोड़ी को उपतहसील का। कांग्रेस ने क्षेत्र के विकास में कोई कमी नहीं छोड़ी। आज भी पंजाब की पूरी सरकार कालांवाली में बैठकर झूठ बोलकर वोट मांगना चाहती है लेकिन लोग उनके बहकावे में नहीं आएंगे। इस रैली को शकील अहमद, पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष स. प्रताप सिंह बाजवा, विधायक राजा बडिंग ने भी संबोधित किया।