कांग्रेस ही कर सकती है किसान व मजदूर का भला :दीपेंद्र सिंह हुड्डा
5 दरिया न्यूज
हांसी 11-Oct-2014
कांग्रेस ने पिछले दस साल में हरियाणा को देश के खुशहाल और अग्रणी प्रदेशों की श्रेणी में ला दिया है। पार्टी के पास विकास की अनेकों ऐसी और नीतियां हैं, जिनकी बदौलत आने वाले समय में हरियाणा की तुलना किसी प्रदेश से नहीं की जा सकेगी। गांव, गरीब, किसान और समाज के सभी वर्गों के हितों का ख्याल सिर्फ कांग्रेस ही रखती है।यह बात रोहतक के कांग्रेस सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने शनिवार को अपने चुनावी दौरों पर विधानसभा हलका हांसी, नारनौंद, सफीदो, घरौंडा, इसराना व पानीपत ग्रामीण हलकों में कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही। कार्यकर्ताओं के जोश के बीच दीपेंद्र हुड्डा ने लोगों को कांग्रेस सरकार की अनेकों जन कल्याणकारी नीतियों से अवगत कराया और कहा कि कांग्रेस जो कहती है, वह पूरा करती है।
उन्होंने कहा कि गुजरात, पंजाब व अन्य प्रदेश के पेंशनधारकों से जब उनकी पेंशन पूछी गई तो पता चला कि कहीं भी 500 रुपए से अधिक पेंशन नहीं दी जा रही है। हरियाणा अपने आप में पहला प्रदेश है जहां 1000 हजार रुपए पेंशन बांटी जा रही है तथा इसी साल एक नवंबर से यह पेंशन 1500 रुपए करने का कानून बनाया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस चुनाव के बाद तीसरी बार भूपेंद्र सिंह हुड्डा की सरकार बनते ही पेंशन में इतना जोर का जोटा मारेंगे जिसकी दिल्ली तक किल्लकी पाटैगी। उन्होंने कहा कि किसानों को फसल के दाम देने में भी हरियाणा अव्वल है।
दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि इनेलो किसानों के बिजली के बिल माफ करने का झूठा वादा करके सत्ता में आई थी। पांच साल निकाल दिए, लेकिन बिजली के बिल माफ नहीं किए थे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कुर्सी संभालते ही किसानों के 1600 करोड़ रुपए के बिजली बिल माफ किए। प्रदेश में हर वर्ग के लोगों के लिए सीएम हुड्डा ने कल्याणकारी योजनाएं लागू की है जो अपने आप में एक मिसाल है। उन्होंने कहा कि हरियाणा अकेला ऐसा प्रदेश है, जहां पहली से 12वीं तक के 20 लाख विद्यार्थियों को वजीफा दिया जा रहा है। सरकार की शानदार खेल नीति का परिणाम है कि हरियाणा के खिलाड़ी विदेशों में देश और प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।