नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान ने फिर शुरू की गोलीबारी
5 दरिया न्यूज
जम्मू 11-Oct-2014
जम्मू एवं कश्मीर में पूंछ जिले से सटे नियंत्रण रेखा पर पाकिस्तान की ओर से शनिवार को फिर बिना किसी उकसावे के गोलीबारी की गई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, "पाकिस्तानी सेना ने पूंछ जिले में नियंत्रण रेखा के शाहपुर करनी क्षेत्र में शनिवार दोपहर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।"उन्होंने कहा, "भारतीय चौकियों को निशाना बनाने के लिए पाकिस्तानी सेना स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल कर रही है। गोलीबारी अपराह्न 12.45 बजे शुरू हुई, जो जारी है। भारतीय सेना मुंहतोड़ जवाब दे रही है।"उल्लेखनीय है कि जम्मू क्षेत्र में अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर बीते छह अक्टूबर से जारी पाकिस्तानी सेना की बिना किसी उकसावे के की जा रही गोलीबारी में आठ नागरिकों की मौत हो चुकी है, जबकि 60 से भी ज्यादा लोग घायल हुए हैं। सीमा के आसपास रहने वाले करीब 30 हजार लोगों को राज्य सरकार के शिविरों में शरण लेना पड़ा है।