5 Dariya News

सोनिया तोशाम में राहुल कालांवाली में आज : अशोक तंवर

हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने तोशाम में लिया सोनिया गांधी की रैली स्थल का जायजा

5 दरिया न्यूज

चण्डीगढ़ 10-Oct-2014

हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डा.अशोक तंवर ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा उपाध्यक्ष राहुल गांधी शनिवार को हरियाणा में दो अलग-अलग जनसभाओं को संबोधित करेंगे। गांधी भिवानी जिले के तोशाम में कांग्रेस उम्मीदवार किरण चौधरी तथा राहुल गांधी सिरसा जिले की कालांवाली में पार्टी के उम्मीदवार शीशपाल केहरवाला के समर्थन में आयोजित बड़ी जनसभाओं को संबोधित करेंगे। डा. अशोक तंवर ने आज भिवानी जिले के तोशाम में कांग्रेस अध्यक्ष के दौरे को लेकर तैयारियों का निरीक्षण भी किया। इसके

अलावा हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने  आज रादौर, साढौरा, यमुनानगर, फरीदाबाद आदि आधा दर्जन से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा करते हुए कांग्रेस उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभाओं को भी संबोधित किया।हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष ने प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि शीर्ष नेतृत्व से लेकर जमीनी कार्यकर्ता पूरे हरियाणा में कांग्रेस के अधिकृत उम्मीदवारों को जिताने के लिए एकजुट और मजबूती से जुटा है। पूरे देश की नजरे हरियाणा पर टिकी है, जहां की जनता केंद्र की झूठी सरकार को मुहंतोड़ जवाब देने के मूड में

है। सोनिया गांधी तथा राहुल गांधी के दौरे से हरियाणा में कांग्रेस की लहर बन चुकी है। उन्होंने रादौर में कांग्रेस उम्मीदवार सुभाष चौधरी तथा साढ़ौरा में राजपाल भूखड़ी के साथ कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज पूरी कांग्रेस एक परिवार की तरह मिलकर काम कर रही है। यमुनानगर से कांग्रेस उम्मीदवार कृष्णा पंडित के साथ अपने संबोधन में कहा कि आप सब

मिलकर यमुनानगर की चारों सीटों से कांग्रेस को जिताओ।

डा. अशोक तंवर ने बीजेपी और इनेलो के सरकार बनाने के दावों को खारिज करते हुए कहा कि सरकार चलाना बच्चों का खेल नहीं है। केंद्र सरकार के सौ दिन का ट्रेलर जनता देख चुकी है और इनेलो नेताओं की करनी को भुगत चुकी है। बीजेपी-इनेलो भी समझ चुकी है कि आज हरियाणा की जनता पिछले एक दशक में कांग्रेस सरकार के विकास का दौर देख चुकी है और पार्टी के घोषणापत्र से भी वाकिफ है। इससे पहले रादौर हलके में अकाली दल के अनेक कार्यकर्ताओं ने डा. अशोक तंवर के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली। इस दौरान हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के पुत्र एवं युवा कांग्रेस नेता विक्रम आदित्य तथा अरूणांचल प्रदेश के सीपीएस लिखा साया के साथ भी जनसभाओं को संबोधित किया।