वाड्रा भूमि घोटालों की जांच से क्यों भाग रही है भाजपा सरकार: दुष्यंत चौटाला
5 दरिया न्यूज
उचाना 10-Oct-2014
कांग्रेस और भाजपा दोनों ही पार्टियां किसानों की दुश्मन हैं। कांग्रेस ने अपने दस साल के राज में किसान को बर्बाद कर दिया वहीं चार माह की भाजपा सरकार ने भी किसानों को खून के आंसू ला दिये। इनेलो ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो किसानों के सुख-दुख को न केवल समझती है बल्कि उनका समाधान भी करती है। भाजपा सरकार के शासन में जीरी का भाव 1500 रुपये प्रति क्विंटल कम हो गया है जिस कारण किसानों को 20 हजार रुपये प्रति एकड़ नुकसान हो गया है। भाजपा ने ऐसे हालात पैदा कर दिये हैं कि किसान की जीरी तो ब्याज चुकाने में ही चली गई है। सरकार आने से पहले भाजपा नेता अपने लच्छेदार भाषणों में कहते थे कि किसानों की जमीन छीनने वाली कांग्रेस व राबर्ट वाड्रा के खिलाफ कार्रवाई करेंगे लेकिन सरकार को तो चार महीने हो गए जांच करना तो दूर जांच के लिए टीम तक नहीं बनाई। सांसद चौटाला ने कहा कि कांग्रेस ने तो किसानों की जमीन छीन ली और जो थोड़ी बहुत जमीन किसानों के पास बची उस पर मोदी सरकार ने फसल के भाव कम कर किसानों को सडक़ पर ला दिया है। यह बात उचाना विधानसभा से इनेलो प्रत्याशी एवं सांसद दुष्यंत चौटाला ने शुक्रवार को उचाना हलके के गांव जीवनपुर, दिल्लूवाला, गोइया तथा नगूरा सहित कई गांवों में ग्रामीणों को सम्बोधित करते हुए कही।
सांसद दुष्यंत चौटाला ने कहा कि भाजपा के राज में कपास के भाव भी काफी गिर गए हैं क्योंकि भाजपा भी कांग्रेस की तरह पूंजीपतियों की पार्टी है और उसे किसान की फसल के भाव से कोई लेना देना नहीं है। भाजपा ने सत्ता में आने से पहले देश व प्रदेश के किसानों से वायदा किया था कि सत्ता में आने के बाद स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू की जाएगी लेकिन चार माह बीत जाने के बाद भी भाजपा ने स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करने की सोची तक नहीं है। उन्होंने कहा कि इनेलो की सरकार आते ही स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू किया जाएगा ताकि किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य मिल सके। उन्होंने कहा कि चार माह में ही हरियाणा की जनता भाजपा की असलियत जान चुकी है तथा विधानसभा चुनाव में भाजपा को सबक सिखाने का मन बना चुकी है।
इनेलो सांसद ने कहा कि प्रदेश की जनता जानती है कि इनेलो शासन में सरकार आपके द्वार आकर काम करती थी। इसी तरह अगर जनता ने मौका दिया तो सरकार आपके द्वार आकर आपकी समस्याओं का समाधान करेगी। सांसद चौटाला ने कहा कि लच्छेदार भाषण देने से हरियाणा की जनता को नहीं बहकाया जा सकता। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी कोई एक ऐसा काम गिनाए जो उन्होंने हरियाणा के हितों के लिये किया हो। प्रधानमंत्री को गुजरात के लोग तो दिखाई दे देते हैं लेकिन दिल्ली के साथ सटे हरियाणा के लोग उन्हें दिखाई नहीं देते। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता अब अपना पराया जान चुकी है और इनेलो के पक्ष में भारी मतदान कर कांग्रेस व मोदी को किसान विरोधी नीतियों के कारण खामियाजा भुगतना पड़ेगा। अबकी बार इनेलो की सरकार बनने पर किसानों को ट्यूबवैल के कनेक्शन मुफ्त दिए जाएंगे ताकि किसानों की फसल सिंचाई के अभाव में बर्बाद न हो।