5 Dariya News

हरियाणा के स्वाभिमान को चोट पहुंचाने वालों को माफ नहीं करेगी जनता: अशोक अरोड़ा

5 दरिया न्यूज

थानेसर 10-Oct-2014

इनेलो के प्रदेश अध्यक्ष एवं थानेसर से पार्टी प्रत्याशी अशोक अरोड़ा ने अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान लोगोंं से अपील की वे गुण-दोष के आधार पर आंकलन करके अपने वोट का प्रयोग करें। उन्होंने कांग्रेस की तरह भाजपा द्वारा भी सीबीआई का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हरियाणा के स्वाभिमान को चोट पहुंचाने वालों को जनता माफ नहीं करेगी। श्री अरोड़ा सब्जी मंडी, गणेश कालोनी, खेड़ी ब्राह्मण, अमर कालोनी चनारथल, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में चुनावी जनसभाओं को संबोधित कर रहे थे। सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन की ओर से अरोड़ा को समर्थन देने की घोषणा करते हुए उन्हें वजन के बराबर लड्डओं से तोला गया। अरोड़ा ने रेलवे रोड तथा मोहन नगर, सिरसला रोड मार्किट में डोर-टू-डोर जाकर दुकानदारों से इनैलो के पक्ष में वोट देने की अपील की। इस अवसर पर अनेक व्यापारी नेता तथा नगर की सामाजिक एवं धाार्मिक संस्थाओं के पदाधिकारी भी अशोक अरोड़ा के साथ थे।

अरोड़ा ने कहा कि भाजपा भी कांग्रेस की भांति सीबीआई का अपने हित के लिए दुरुपयोग कर रही है। चौ. ओमप्रकाश की जनसभाओं में उमड़े जनसैलाब से भाजपा व कांग्रेस दोनों दल घबराए हुए हैं। केंद्र सरकार की शह पर सीबीआई ने अदालत में चौटाला की जमानत रद्द करने की गुहार लगाई है। उन्होंने कहा कि पूरे हरियाणा में इनैलो के पक्ष में लहर चल रही है। हरियाणा की जनता इस साजिश का बदला लेगी। कांग्रेस व भाजपा का सफाया करेगी। आज सारे प्रदेश में चर्चा चल रही है कि कांग्रेस सरकार का जाना और इनैलो सरकार का आना सुनिश्चित है। उन्होंने विश्वास दिलवाया कि प्रदेश में इनैलो की सरकार बनने पर कांग्रेस के राज में इस हलके के विकास में जो कमी आई है वह पूरी की जाएगी और इस हलके के युवाओं के हितों की रक्षा की जाएगी। अरोड़ा ने हुड्डा को केवल किलोई का मुख्यमंत्री बताते हुए कहा कि सारे विकास कार्य रोहतक में हुए हैं। इस हलके के युवाओं के हितों पर डाका डाला गया है।  

इधर, इनेलो प्रत्याशी अशोक अरोड़ा को नई सब्जी मंडी आढ़ती एसोसिएशन तथा कुरुक्षेत्र व्यापार मंडल ने अपना समर्थन देने की घोषणा की है। अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान इनैलो प्रत्याशी अशोक अरोड़ा के नई सब्जी मंडी में पहुंचने पर आढ़ती एसोसिएशन के चेयरमैन राजेश अरोड़ा, प्रधान महेश अरोड़ा, महासचिव पवन कुमार, उप प्रधान रमेश कुमार मुखी, सचिव वीरभान अरोड़ा, कोषाध्यक्ष विनोद कुमार, पूर्व प्रधान जुगल किशोर चुग, नंदलाल एंड संस, अश्विनी अरोड़ा बिट्टू, नरेश बंसल, मैसर्ज बृजलाल जगदीश चंद व कुरुक्षेत्र व्यापर मंडल के प्रधान फतेहचंद गांधी ने अरोड़ा का स्वागत किया और चुनाव में समर्थन देने का ऐलान किया। एसोसिएशन की ओर से अशोक अरोड़ा को उनके वजन के बराबर लड्डूओं से तोला गया। कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय शिक्षक संघ (कुटा) के प्रधान डा. अनिल गुप्ता तथा गैर शिक्षक  कर्मचारी संघ (कुंटिया)के प्रधान मानसिंह ने भी अरोड़ा को समर्थन देने का ऐलान किया।