5 Dariya News

जनता जानती है कि इनेलो में ही उनके हित सुरक्षित है: नरेंद्र सांगवान

5 दरिया न्यूज (प्रवीण कौशिक)

घरौंडा 06-Oct-2014

इनेलो प्रत्याशी नरेंद्र सांगवान ने कहा कि इनेलो शासनकाल में मुख्यमंत्री ओमप्रकाश चौटाला जनता के बीच खुले दरबार लगाकर समस्याएं सुनते थे लेकिन मुख्यमंत्री भूपेंद्र हुड्डा ने कभी भी घरौंडा की जनता की समस्याओं को जानने की जहमत नही उठाई। जिससे जनता खफा है और पूरे प्रदेश में इनेलो शासन चाहती है। इनेलो प्रत्याशी नरेंद्र सांगवान अपने तूफानी दौरे के दौरान गांव अराईपूरा, चौरा, फैजलीपूर माजरा, ताहरपूर, सदरपूर, पीरबड़ौली, मुंडोगढ़ी, लालुपूरा, मंगलौरा व घरौंडा की एसपी कालोनी में लोगों की सभाओं को सम्बोधित कर रहे थे। इन गांवों में पहुंचने से पूर्व ही युवाओं, महिलाओं व बुजुर्गो में इनेलो प्रत्याशी को लेकर खासा उत्साह दिखाई दिया। और जैसे ही सांगवान गांव में पहुंचे तो ग्रामीणों ने उनका फूल मालाओं से स्वागत किया और बुजुर्गो ने इनेलो प्रत्याशी के सिर पर हाथ रखकर चुनावों में जीत का आशीर्वाद दिया। 

इनेलो प्रत्याशी नरेंद्र संागवान ने 7 अक्तूबर को करनाल के 12 सेक्टर में होने वाली इनेलो रैली का न्यौता देते हुए कहा कि 25 सिंतबर को जींद में हुई इनेलो की रैली देखने लायक थी और 7 अक्तूबर को होने वाली इनेलो की जिला स्तरीय रैली भी नया इतिहास कायम करेगी। इससे यह साफ जाहिर होता है कि विधानसभा चुनावों के बाद प्रदेश में इनेलो की सरकार बनेगी, क्योंकि कांग्रेस से सभी छत्तीस बिरादरी के लोग दुखी है। प्रदेश की जनता इंतजार में है कि कब 15 अक्तूबर आए और इस भ्रष्टाचारी व निक्कमी कांग्रेस सरकार को सत्ता से चलता करें। उन्होंने कहा कि पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ है। कार्यकर्ताओं और जनता ने ही इनेलो को नम्बर वन पार्टी बनाया है और जनता जानती है कि इनेलो में ही उनके हित सुरक्षित है। उन्होंने कहा कि आज हरियाणा में इनेलो की स्थिति काफी मजबूत है।

इनेलो जनता के आशीर्वाद और कार्यकर्ताओं के दम पर 90 विधानसभा सीटों पर बहुमत हासिल कर सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि आज इनेलो का किसी भी पार्टी कि साथ कोई मुकाबला नही है। इनेलो नम्बर एक पर है और दूसरी पार्टियों नम्बर दो और तीन की लड़ाई लड़ रही है। इनेलो प्रत्याशी नरेंद्र सांगवान ने कहा कि उनका राजनीति में आने का उद्देश्य जनता की सेवा करना रहा है और इस उद्देश्य को लेकर वे इनेलो से विधानसभा का चुनाव लड़ रहे है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से पिछले विधानसभा चुनावों में हलके की जनता ने उनको आशीर्वाद देकर विधानसभा में भेजा, उसी प्रकार उन्हें पूरी उम्मीद है कि इस बार भी जनता का आशीर्वाद उन्हें जरूर मिलेगा और पूरे प्रदेश में पूर्ण बहुुमत से सरकार बनाने में मदद करेंगे, पूर्णबहुमत सरकार आने के बाद प्रत्येक वर्ग का ख्याल रखने वाला इनेलो द्वारा जारी घोषणा पत्र लागू कर दिया जाएगा। वहीं जिला परिषद के चैयरमेन पोल्लू सांगवान ने भी दर्जनभर गांवों का दौरा कर इनेलो प्रत्याशी नरेंद्र सांगवान के लिए जनता से वोट की अपील की। इस मौके पर 36 बिरादरी के लोगों मौजूद रहे।

इनेलो की सरकार आते ही चकबंदी मामले की होगी जांच-

इनेलो प्रत्याशी नरेंद्र सांगवान लालुपूरा के खेतों में चल रहे गांव कालरम, अमृतपूरकलां, लालुपूरा, भरतपूर, अराईपूरा के चकबंदी पीडि़त किसानों के धरनास्थल पर पहुंचे। पीडि़त किसानों की समस्या को सुनने के बाद इनेलो प्रत्याशी नरेंद्र सांगवान ने  पीडि़त किसानों को आश्वासन दिया कि इनेलो की सरकार आने के बाद उनकी समस्याओं का समाधान किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भूमाफियाओं की पार्टी है और हरियाणा के किसानों की हजारों एकड़ भूमि को कोडिय़ों के भाव भूमाफियाओं को दिया है। जिससे कांग्रेस के प्रति किसानों में रोष है और जनता आने वाले विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को सत्ता से चला करने वाली है।