5 Dariya News

स्वदेश लौटी भारतीय हॉकी टीम, हवाई अड्डे पर भव्य स्वागत

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 05-Oct-2014

दक्षिण कोरिया के शहर इंचियोन में आयोजित 17वें एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने वाली भारत की पुरुष हॉकी टीम रविवार सुबह स्वदेश लौट आई। हवाई अड्डे पर हॉकी प्रशंसकों और हॉकी इंडिया (एचआई) के अधिकारियों ने टीम का जोरदार स्वागत किया। भारत ने खिताबी मुकाबले में पाकिस्तान को पेनाल्टी शूटआउट के माध्यम से हराकर 16 साल बाद एशियाई खेलों में स्वर्ण जीता। साथ ही भारत ने रियो डी जेनेरियो में 2016 में होने वाले ओलम्पिक खेलों में खेलने की योग्यता हासिल की। भारत ने एशियाई खेलों में पाकिस्तान पर 48 साल बाद जीत हासिल की। हवाई अड्डे पर एचआई की अध्यक्ष मरियम्मा कोशे, कोषाध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद, संयुक्त सचिव सुदर्शन पाठक और तपन कुमार दास, सीईओ एलेना नॉर्मन तथा एचआई के कई अधिकारियों ने खिलाड़ियों और सहयोगी दल का स्वागत किया।

फाइनल के हीरो गोलकीपर पीआर श्रीजेश ने इस अवसर पर कहा, "हम पर पाकिस्तान के खिलाफ खेलने का दबाव नहीं था क्योंकि हम जानते थे कि हम ही फाइनल जीत रहे हैं। पहले क्वार्टर में गोल करके जब पाकिस्तान ने बढ़त बना ली थी तब भी भी हम अपनी जीत को लेकर आश्वस्त थे क्योंकि हम जानते थे कि बराबरी करने और आगे निकलने के लिए अभी तीन क्वार्टर का खेल बाकी है।"कप्तान सरदार सिंह ने कहा कि उन्हें अपने साथियों पर गर्व है और सबने जितनी मेहनत की है, उसका फल उन्हें मिला है। सरदार ने कहा, "हमने इस स्वर्ण के लिए काफी मेहनत की थी। मुझे अपने साथियों पर गर्व है। हम आने वाले समय में लगातार सुधार करते रहेंगे और इस बार की तरह हमेशा आक्रामक हॉकी खेलने का प्रयास करेंगे।"