5 Dariya News

एशियाई खेलों 2014 : इंचियोन एशियाई खेलों में टूटे 14 विश्व कीर्तिमान

5 दरिया न्यूज

इंचियोन (दक्षिण कोरिया) 04-Oct-2014

17वें एशियाई खेलों का शनिवार को भव्य समारोह के साथ समापन हो गया। इस बीच टूर्नामेंट में 14 विश्व कीर्तिमान टूटे जबकि डोपिंग के छह मामले सामने आए। टूर्नामेंट में शामिल कुल 439 स्पर्धाओं में चीन ने 151 खिताब हासिल किए और एशियाई खेलों के लगातार नौवें संस्करण में अपना दबदबा कायम रखा। चीन ने इसके अलावा 108 रजत और 83 कांस्य पदकों के साथ कुल 342 पदक हासिल किए। मेजबान दक्षिण कोरिया ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 79 स्वर्ण पदक सहित कुल 234 पदक जीत दूसरा स्थान हासिल किया। इस बार कुल 37 देश पदक हासिल करने में सफल रहे, जबकि भूटान, मालदीव और ईस्ट तिमोर को अपना पहला पदक जीतने के लिए अभी चार वर्ष और इंतजार करने होंगे। अगले एशियाई खेल 2018 में जकार्ता में आयोजित होंगे। उत्तर कोरिया के भारोत्तोलक ओम युनचोल इंचियोन में विश्व कीर्तिमान बनाने वाले पहले खिलाड़ी बने। उत्तर कोरिया के ही एक अन्य भारोत्तोलक किम उंगुक ने पुरुषों की 62 किलोग्राम भारवर्ग में तीन-तीन कीर्तिमान स्थापित किए। चीनी ताइपे की महिला भारोत्तोलक लिन त्जू ची ने भी 63 किलोग्राम भारवर्ग में तीन रिकॉर्ड तोड़े। चीनी ताइपे के ही ह्सू शू चिंग, डेंग वेई और झोऊ लुलु ने भी विश्व कीतिर्मान दर्ज किया।

भारोत्तोलन के अलावा निशानेबाजी में चार नए विश्व कीर्तिमान बने। चीन की महिला निशानेबाजों ने 10 मीटर एअर राइफल टीम स्पर्धा में, जबकि पुरुषों की टीम ने 50 मीटर राइफल प्रोन टीम स्पर्धा और डबल ट्रैप की टीम स्पर्धा में कीर्तिमान रचे। मेजबान दक्षिण कोरिया की महिला निशानेबाजी टीम ने भी डबल ट्रैप स्पर्धा में और महिला तीरंदाजी टीम ने 24-ऐरो कंपाउंड टीम स्पर्धा में वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाए। विश्व कीर्तिमान के साथ-साथ इंचियोन में 27 एशियाई रिकॉर्ड भी ध्वस्त हुए। हालांकि अन्य बहुस्पर्धी प्रतियोगिताओं की तरह इंचियोन एशियाई खेल भी विवादों से अछूता नहीं रहा। मुक्केबाजी में स्कोरिंग प्रणाली को लेकर यहां भी विवाद जारी रहा और पांच देशों ने इसकी शिकायत की। इसके अलावा कोर्ट पर हिजाब पहनकर आने से प्रतिबंधित किए जाने के कारण कतर की महिला बास्केटबॉल टीम बिना एक भी मैच खेले वापस चली गई। इन सबके अलावा डोपिंग के भी छह मामले सामने आए, जिसमें दो स्वर्ण पदक विजेता खिलाड़ी शामिल हैं। परिणामस्वरूप उन्हें अपने स्वर्ण पदकों से वंचित होना पड़ा। इनमें एक चीन और एक खिलाड़ी मलेशिया का है। इसके अलावा अन्य चार डोपिंग के दोषियों में कंबोडिया की सॉफ्ट टेनिस टीम का एक खिलाड़ी, ताजिकिस्तान फुटबाल टीम का एक खिलाड़ी, ईराक का एक भारोत्तोलक और एक सीरियाई कराटे एथलीट शामिल है।