5 Dariya News

कांस्य जीत भारतीय महिला हॉकी टीम स्वदेश लौटी

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 03-Oct-2014

17वें एशियाई खेलों में हॉकी में कांस्य पदक जीतने वाली भारतीय महिला टीम शुक्रवार को स्वदेश पहुंची। नई दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर हॉकी इंडिया (एचआई) और प्रशंसकों ने टीम का भव्य स्वागत किया। टीम ने दक्षिण कोरिया के इंचियोन में जापान को 2-1 से हराकर कांस्य पदक पर कब्जा जमाया। महिला टीम का स्वागत करते हुए एचआई के महासचिव नरेंद्र बत्रा ने कहा, "देश की महिला टीम ने इंचियोन में 17वें एशियाई खेलों में कांस्य पदक जीता है। यह सच में गर्व करने का समय है। टीम के सभी खिलाड़ियों ने इस सफलता में अपना योगदान दिया। मुझे इस टीम पर गर्व है। मैं उन्हें भविष्य में और सफलताएं अर्जित करने की शुभकामना देता हूं।"वहीं महिला टीम की कप्तान रितु रानी ने कहा, "टीम की जीत से सभी खिलाड़ी खुश हैं। जब हम सेमीफाइनल हारे तो हमारा लक्ष्य जापान को हरा कर कांस्य पर कब्जा करना था। मुझे खुशी है कि हम जीतने में सफल रहे। हम इस फॉर्म को जारी रखेंगे और अपने खेल में और सुधार की कोशिश करेंगे।"