5 Dariya News

एशियाई खेल 2014 (कबड्डी) : भारतीय महिलाओं ने लगातार दूसरी बार जीता स्वर्ण

5 दरिया न्यूज

इंचियोन (दक्षिण कोरिया) 03-Oct-2014

चीन के शहर क्वांगचो में चार साल पहले आयोजित एशियाई खेलों में कबड्डी का खिताब जीतने वाली भारत की महिला टीम ने इंचियोन में भी एशियाई ताज बरकरार रखा है। भारतीय टीम ने शुक्रवार को सोंगदो ग्लोबल यूनिवर्सिटी जिम्नेजियम में ईरान को हराकर 17वें एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक हासिल किया। भारतीय महिलाओं ने ईरान को 31-21 से हराया।क्वांगचो (चीन) में आयोजित 16वें एशियाई खेलों में महिला कबड्डी को एशियाई खेलों में स्थान मिला था। दूसरी ओर, ईरानी टीम ने क्वांगचो में कांस्य जीता था और अब उसने अपना प्रदर्शन सुधारते हुए रजत हासिल किया है।

जैसा कि उम्मीद थी, भारतीय महिलाओं ने एशिया में अपना वर्चस्व कायम रखते हुए ईरान पर एकतरफा जीत हासिल की।भारतीय महिलाओं ने 27 अंक आउट से हासिल किए जबकि उन्हें चार अंक लोना के रूप में प्राप्त हुए। ईरानी टीम 16 अंक ही आउट के तौर पर हासिल कर सकी जबकि उसे लोना के रूप में एक भी अंक नहीं मिला।ईरानी टीम को हालांकि बोनस के तौर पर पांच अंक मिले लेकिन भारत एक भी बोनस नहीं प्राप्त कर सका। पहले हाफ में भारत ने 15 (13 आउट, 2 लोना) और दूसरे हाफ में 16 (14 आउट, 2 लोना) अंक बनाए।ईरानी टीम पहले हाफ में 11 (8 आउट, 3 बोनस) और दूसरे हाफ में 10 (8 आउट, 2 बोनस) अंक हासिल करने में सफल रही।कबड्डी में दो स्वर्ण दांव पर हैं और दोनों ही भारत के खाते में आने की उम्मीद है। पुरुष फाइनल में भारत का सामना ईरान से होगा। भारतीय पुरुष टीम लगातार छह बार एशियाई चैम्पियन रही है। वह सातवीं बार खिताब के लिए प्रयासरत होगी।