धूम्रपान मुक्त होने वाला राज्य का पहला जिला बना कुल्लू
कोटपा अधिनियम को सख्ती से लागू करवाने में निभाई अहम भूमिका, कुल्लू की सभी 204 पंचायतों ने भेजे थे प्रस्ताव
5 दरिया न्यूज (धर्मचंद यादव)
कुल्लू 28-May-2013
देवभूमि कुल्लू धूम्रपान मुक्त होने वाला प्रदेश का पहला जिला बन गया है। सोमवार को इसकी जिलाधीश कुल्लू शरभ नेगी ने इसकी अधिकारिक घोषणा की है। कुल्लू को प्रदेश में सबसे पहले धूम्रपान मुक्त होने का गौरव प्राप्त हुआ है तथा इस अवसर पर बचत भवन कुल्लू में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसकी अध्यक्षता जिलाधीश कुल्लू शरभ नेगी ने की। इसकी घोषणा को आई.जी.एम.सी. के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा की गई एक अनुपालना रिपोर्ट के आधार की गई है। इस अवसर पर धूम्रपान मुक्त अभियान की नोडल एजैंसी स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों के अलावा इस अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली हिमाचल प्रदेश वालंटरी हैल्थ एसोसिएशन के पदाधिकारियों के अलावा विभिन्न विभागों के विभागध्यक्ष भी उपस्थित रहे। सिगरेट व अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम-2003 (कोटपा-2003) के तहत कुल्लू को स्मोक फ्री घोषित करने के अवसर पर जिलाधीश शरभ नेगी ने कहा कि हिमाचल प्रदेश वॉलंटरी हैल्थ एसोसिएशन (एच.पी.वी.एच.ए.) व स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में चलाए गए स्मोक फ्री अभियान में विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं और आम लोगों की भागीदारी से कुल्लू जिला ने यह मुकाम हासिल किया है। उन्होंने कहा कि कोटपा-2003 के प्रावधानों के अनुसार किसी भी सार्वजनिक स्थल पर धूम्रपान करना अपराध है। इससे पहले कोटपा-2003 के नोडल अधिकारी एवं जिला स्वास्थ्य अधिकारी डा. सुशील चंद्र शर्मा ने बताया कि पिछले वर्ष जिला में सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वाले 3700 से अधिक लोगों के चालान किए गए और उनसे जुर्माने के रूप में लगभग 4.80 लाख की धनराशि वसूली गई। इस वर्ष भी अभी तक लगभग 51 हजार का जुर्माना किया जा चुका है। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.बलदेव ठाकुर, एच.पी.वी.एच.ए. के कंसल्टैंट एवं पूर्व आई.ए.एस.अधिकारी एस.एन.जोशी, अध्यक्ष पी.आर. रमेश, कार्यकारी निदेशक डा. नरेंद्र शर्मा, विश्व स्वास्थ्य संगठन के क्षेत्रीय सलाहकार डा.जे.पी. नारायण ने तंबाकू के दुष्प्रभावों तथा कोटपा-2003 के प्रावधानों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। कार्यक्रम में एच.पी.वी.एच.ए. कुल्लू के जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेन्द्र ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, स्वयंसेवी संस्थाओं के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।
204 पंचायतों ने भेजे हैं प्रस्ताव
जिला को धूम्रपान मुक्त घोषित करने के लिए जिला की 204 पंचायतों से प्रस्ताव आए थे। संबंधित अधिकारियों ने बताया कि जिला की अधिकतर पंचायतों के पास चालान बुक व रसीद बुक उपलब्ध हैं तथा पंचायतों, विकास खंड, उपमंडलों व नगर परिषदों व पंचायतों ने धूम्रपान निषेध के साईन बोर्ड भी लगाए दिए तथा सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान पर भी अंकुश लग गया है। गौरतलब है कि इससे पूर्व कुल्लू जिला मुख्यालय को स्मोक फ्री घोषित किया जा चुका था।
प्रदीप कुमार को किया गया सम्मानित
कुल्लू जिला के बचत भवन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान धूम्रपान मुक्त अभियान में विशेष योगदान देने पर विभिन्न विभागों, संस्थाओं व प्रिंट व इलैक्ट्रोनिक मीडिया के पत्रकारों को भी सम्मानित किया गया। प्रिंट पत्रकारिता में जिला के पत्रकार एवं मीडिया मंच कुल्लू के महासचिव प्रदीप कुमार को धूम्रपान मुक्त अभियान के पक्ष में अलख जगाने व बेहतरीन पत्रकारिता करने पर सम्मानित किया गया। इसके अलावा जरी ब्लॉक की बी.एम.ओ. डा. गीता कौल, एस.डी.एम बंजार, पुलिस अधीक्षक कुल्लू, सी.एम.ओ कुल्लू डा.बलदेव ठाकुर, व्यापार मंडल मनाली, यत्न एन.जी.ओ. के गौरव ठाकुर, प्रधान संघ के प्रधान ताराचंद, बी.एम.ओ. बंजार एम.एल.शर्मा, नगर पंचायत भुंतर के प्रधान बदजीत डोगरा, एस.डी.एम.मनाली विनय धीमान, इलैक्ट्रोनिक मीडिया में हंसराज ठाकुर को सम्मानित किया गया।