5 Dariya News

इनेलो प्रत्याशी हाथी पर चढ़े, आयोग खफा

5 दरिया न्यूज

गुड़गांव 28-Sep-2014

हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के एक प्रत्याशी हाथी पर चढ़कर आए जो निर्वाचन आयोग को नागवार गुजरा। यहां से 90 किलोमीटर दूर मेवात जिले के नूंह विधानसभा क्षेत्र से इनेलो प्रत्याशी जाकिर हुसैन को आयोग ने आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का नोटिस थमाया है।उन्होंने 26 सितंबर को नूह के रिटर्निग अधिकारी के समक्ष अपना नामांकन दाखिल किया था। वह हाथी पर सवार थे और 250 लोग उनके जुलूस में शामिल थे।नोटिस में कहा गया है, "मुख्य वन्यजीव वार्डन से कोई अनुमति नहीं ली गई थी। हाथी को लोहे के बने अंकुश से नियंत्रित किया गया। एक नर हाथी कभी भी हिंसक हो सकता है, अफरा-तफरी मच सकती है और सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंच सकता है और जीवन को खतरा पहुंच सकता है।"