5 Dariya News

हरियाणा का राजनीतिक आकाश रंगों से सराबोर

5 दरिया न्यूज

चंडीगढ़ 29-Sep-2014

कहा जाता है कि नेता किसी भी रंग में आ जाते हैं और यह बात कम से कम हरियाणा में सच दिखई देता है, जहां अगले महीने होने जा रहे विधानसभा चुनाव को देखते हुए कई रंग नजर आ रहे हैं। राज्य की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 15 अक्टूबर को मतदान कराया जाना है। प्रमुख पार्टियां खुद को अलग-अलग रंगों में पहचान देती हैं। चाहे पगड़ी हो, दुपट्टा, पटका या जैकेट और कुर्ता और यहां तक कि अपने वाहनों को भी विभिन्न पार्टियों के नेता अपनी पार्टी के रंग में दिखा रहे हैं। एक दशक तक सत्ता में बनी रहने वाली कांग्रेस यह दिखाने की पुरजोर कोशिश में है कि उसका स्वास्थ्य बिलकुल दुरुस्त है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में हरियाणा कांग्रेस ने अपना रंग गुलाबी तय किया है।

हुड्डा खुद भी हर राजनीतिक कार्यक्रम में गुलाबी पगड़ी बांधना पसंद करते हैं। उन्होंने नई दिल्ली के रामलीला मैदान में नवंबर 2012 में आयोजित एक रैली में गुलाबी रंग को प्रवेश कराया था। इस रैली को कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने संबोधित किया था। इस सभा में शामिल होने वाले अधिकांश लोग भी गुलाबी पगड़ी बांध कर आए थे, ताकि उन्हें पहचाना जा सके कि वे हरियाणा से आए हैं। हुड्डा ने आईएएनएस से कहा, "कांग्रेस ने हरियाणा को हर क्षेत्र में नंबर-1 बनाया है। कांग्रेस चुनाव में जीतेगी और तीसरी बार सरकार बनाएगी।"हरियाणा की मुख्य विपक्षी इनेलो को हरा रंग पसंद है। उसका झंडा हरा है और उसके नेता हरे रंग की पगड़ी को तवज्जो देते हैं।