5 Dariya News

ब्राह्मण समाज ने सर्वसम्मति से इनेलो प्रत्याशी अशोक अरोड़ा का समर्थन करने का निर्णय लिया

5 दरिया न्यूज

थानेसर 28-Sep-2014

गांव बीड़ अमीन के ब्राह्मण समाज ने सर्वसम्मति से इनेलो प्रत्याशी अशोक अरोड़ा का समर्थन करने का निर्णय लिया है। इसी के साथ-साथ रामगगिढय़ा समाज ने भी अशोक अरोड़ा को वोट देकर भारी बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प लिया है। गांव बीड़ अमीन में अशोक अरोड़ा, हरियाणा ब्राह्मण धर्मशाला एवं छात्रावास के संरक्षक पवन पहलवान के साथ पहुंचे तो ढोल-ढमाकों के साथ ब्राह्मण समाज ने उनका अभिनंदन किया और दोनों को पगड़ी बांधकर सम्मानित किया। इस अवसर पर नौजवान सभा के अध्यक्ष अशोक शर्मा पहलवान, डा. देवीदयाल शर्मा, पुनर्वसू अकाली सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। कृष्ण शर्मा ने अशोक अरोड़ा को पूरे गांव के ब्राह्मण समाज की ओर से समर्थन देने का ऐलान किया। इसी प्रकार रामगढिय़ा समाज ने भी अशोक अरोड़ा को समर्थन देने की घोषणा करते हुए कहा कि अरोड़ा से बेहतर कोई प्रत्याशी नहीं है।

इस अवसर पर कंवलजीत सिंह अजराना, बलविंद्र पांचाल, रामपाल पंाचाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। गांव सुंदरपुर में वरुण गुप्ता द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी अशोक अरोड़ा को भारी बहुमत से विजयी बनाने की अपील की गई। अशोक अरोड़ा ने गांव सुंदरपुर, ज्योति नगर, बाहरी, घमूरखेड़ी, भिवानीखेड़ा, ज्योतिसर, रतगल, चनारथल कालोनी सहित अनेक स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं को आयोजित करके इनैलो के पक्ष में मतदान करने की अपील की। बाहरी मोहल्ला में वाल्मीकि समाज ने अरोड़ा को समर्थन देने की घोषणा करते हुए उन्हें भारी बहुमत से विजयी बनाने का वायदा किया। कांग्रेसी नेता दीपक फौजी तथा जसविंद्र आलमपुर ने इनैलो में शामिल होने की घोषणा की। पवन शर्मा पहलवान ने अशोक अरोड़ा को वोट देने की अपील करते हुए भाजपा पर कटाक्ष किया कि जिन लोगों ने टिकट बेच दी, वे देश और प्रदेश को क्या छोड़ेंगे?

अशोक अरोड़ा ने लोगों से वोट देने की अपील करते हुए कहा कि थानेसर हल्के की जनता के साथ उनका पारिवारिक रिश्ता है। उन्होंने कहा कि उनके मुकाबले भाजपा प्रत्याशी का कहना है कि वह हल्के का विकास करवाएगा और युवाओं को रोजगार देगा, जबकि भाजपा प्रत्याशी ने 9 साल तक कांग्रेस के राज में सत्तासुख भोगता रहा और खूब मौज की। वह जनता को बताए कि इस अवधि में उसने इस हल्के में कितना विकास करवाया और कितने युवाओं को रोजगार दिलवाया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे गुण-दोष के आधार पर आंकलन करके वोट दें। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने महंगाई, भ्रष्टाचार और बिगड़ती कानून व्यवस्था के अलावा कुछ नहीं दिया। भाजपा को पूंजीपतियों की पार्टी बताते हुए अरोड़ा ने कहा कि गरीब व आम आदमी को सत्ता की दहलीज तक चौ. देवीलाल ने पहुंचाया था। आज भाजपा के नेता राजनीति को पूंजीपतियों तक सीमित रखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि इनैलो का राज आने पर कुरुक्षेत्र में विकास की झड़ी लगा दी जाएगी। 

सुधा समर्थक दो नगर पार्षद महेंद्र पाल व गोपाल सैकड़ों समर्थकों सहित इनेलो में शामिल

इधर, थानेसर हलके से भाजपा प्रत्याशी सुभाष सुधा को आज उस समय गहरा झटका लगा, जब सुधा समर्थक दो नगर पार्षदों महेंद्र पाल व गोपाल ने अपने सैकड़ों समर्थकों सहित इनेलो में शामिल होने की घोषणा की। इनेलो के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री के एल शर्मा की उपस्थिति में दोनों पार्षदों ने इनैलो में शामिल होने का ऐलान करते समय कहा कि वे थानेसर विधानसभा क्षेत्र से इनेलो प्रत्याशी अशोक अरोड़ा को भारी बहुमत से विजयी करके पांचवीं बार विधानसभा में भेजेंगे। दोनों पार्षदों ने कहा कि अशोक अरोड़ा स्वच्छ छवि के एक बेहतर इंसान हैं। पार्टी में अरोड़ा का कद काफी ऊंचा है। उनकी विजय से कुरुक्षेत्र के विकास में चार चांद लगेंगे। महेंद्र पाल वार्ड नंबर 1(सुरक्षित पिछड़ी जाति) से लगाकार तीसरी बार पार्षद हैं, जबकि वार्ड नंबर 8(सुरक्षित अनुसूचित जाति) से पार्षद गोपाल के अलावा उनकी पत्नी भी वर्ष 2005 में पार्षद रह चुकी हैं। 

उल्लेखनीय है कि नगर परिषद थानेसर की अध्यक्षा भाजपा प्रत्याशी सुभाष सुधा की धर्मपत्नी श्रीमती उमा सुधा हैं। इन दोनों को इनेलो में शामिल करवाने में पूर्व पार्षद मनु जैन, रोशन लाल अरोड़ा तथा के आर छाबड़ा एडवोकेट की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पिछड़े वर्ग से संबंधित महेंद्र पाल व अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित गोपाल के इनैलो में शामिल होने से अशोक अरोड़ा को काफी लाभ मिलेगा, क्योंकि दोनों पार्षदों की अपने अपने वर्गों में गहरी पैठ है। इनैलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा तथा पूर्व मंत्री के एल शर्मा ने दोनों पार्षदों का इनैलो में शामिल होने पर स्वागत करते हुए कहा कि इन्हें पार्टी में पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। दोनों नेताओं ने कहा कि इन दोनों पार्षदों ने सही समय पर सही फैसला लिया है।