5 Dariya News

भाजपा को उसी की शैली में कांग्रेस ने घेरना शुरू किया

दीपेन्द्र ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

5 दरिया न्यूज

भिवानी 28-Sep-2014

कांग्रेस ने भाजपा को उसी की शैली में घेरना शुरू कर दिया है। सीमा पर बढ़ रहे तनाव, बेकाबू हो रही मंहगाई और काले धन पर कांग्रेस ने चुनाव प्रचार में भाजपा पर हमला बोल रखा है। भाजपा ने फिलहाल अपना चुनाव प्रचार शुरू करना है जबकि कांग्रेस ने धुआंधार प्रचार शुरू कर दिया है। सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने बीते तीन दिनों में उम्मीदवारों के नामांकन पत्र भरवाए और साथ में जनसभाएं भी की। जहां मुख्यमंत्री ने रोड शो के जरिए चुनाव प्रचार किया तो दीपेंद्र हुड्डा ने जनसभाएं कर अपनी बात कही।दीपेन्द्र आज जिला भिवानी के गांव भागवी व जिला झज्जर के गांव बिरोहर व लाडान में कांग्रेस प्रत्याशियों के समर्थन में जनसभाएं की। 

उन्होंने उपस्थित जनसमूह को सम्बोंधित करते हुए कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी ने हरियाणा समेत अन्य राज्यों में चुनाव प्रचार के दौरान लोगों की देशभक्ति का जज्बा जगाकर एक प्रकार से इमोशनल ब्लैकमेल किया था। पाकिस्तानी सेना ने हमारे जिन दो सैनिकों का गला काट लिया था, उससे हिंदुस्तान की जनता काफी रोष में थी। देश की सेना में हर 10वां सैनिक हरियाणा से है। मोदी की रैली भी दक्षिण हरियाणा में वहां हुई थी जहां से सबसे ज्यादा लोग देश की सेना में तैनात हैं। लोगों को लगा था कि केंद्र की यूपीए सरकार सीमा की चौकसी रख पाने में नाकाम है इसलिए लोगों ने अपना मत मोदी के नाम कर दिया था। आज स्थिति बिल्कुल उल्ट है। पाकिस्तानी सेना हर रोज सीज फायर का उल्लंघन कर रही है। जब से केन्द्र में भाजपा की सरकार बनी है तब से अब तक 147 बार सीजफायर का उल्लंघन हुआ है जोकि आजादी के बाद अपने आप में एक रिकार्ड है। पाक सेना देश के लोगों को ललकार रही है। गोलाबारी में हमारे नागरिकों के घर तबाह कर रही है साथ में निर्दोष लोगों की जानें ले रही है। मगर केंद्र की एनडीए सरकार की विफलता पर अब लोग भाजपा से भी नाराज हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी। चीन ने चुमार में पिछले एक महीने से जो तांडव मचाए रखा, उसने भी केंद्र सरकार की पोल खोलकर रख दी है।  

काला धन नहीं आया वापस

लोकसभा चुनाव के दौरान नरेंद्र मोदी ने हर रैली में कहा था कि भारतवासियों का काला धन विदेश में जमा है मगर कांग्रेस सरकार वह काला धन वापस नहीं ला रही है। भाजपा की सरकार बनने पर 100 दिन के अन्दर काला धन वापिस लाने का दावा किया गया था लेकिन लेकिन अब तक वह काला धन वापस नहीं आया है। सुप्रीम कोर्ट पहले ही इस मामले में निगरानी रख रहा है मगर केंद्र की मोदी सरकार एक इंच भी आगे नहीं बढ़ सकी है। बाबा रामदेव ने तो इस मसले पर यूपीए सरकार के खिलाफ लंबा-चौड़ा अभियान चलाया था मगर वे भी अब चुप हैं। कांग्रेस यह कहकर प्रचार कर रही है कि मोदी का चुनावी रैलियों में दिए भाषण झूठे थे। 

महंगाई पर भी दीपेन्द्र ने मोदी को निशाने पर लिया

एक सौ दिनों में मंहगाई काबू करने का वादा करने वाली भाजपा 26 मई से सत्ता का सुख तो भोग रही है मगर महंगाई काबू नहीं कर रही है। सरकार बनते ही सबसे पहले रेल किराया बढ़ाया। उसके बाद पेट्रोल और डीजल के रेट बढ़ते चले गए। हालांकि पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल और डीजल की कीमतें कुछ घटी हैं मगर शुरू में जो झटका दिया था उसका असर अब तक झेलना पड़ रहा है। अब चूंकि सितंबर-अक्तूबर में हरी सब्जियां बाजार में आ जाती हैं इसलिए सब्जियां सस्ती हो जाती हैं मगर पहले तीन महीने तक मोदी सरकार पूरी तरह फेल रही है। टमाटर, आलू, प्याज की कीमतों ने लोगों के आंसू निकलवा दिए थे। महंगाई कम करने के वादे के नाम पर लोगों ने भाजपा को वोट दिए थे। अब वे ठगा-सा महसूस कर रहे हैं।