नरेंद्र मोदी ने सिख समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की
5 दरिया न्यूज
न्यूयार्क 28-Sep-2014
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अमेरिका और कनाडा के सिख समुदाय के प्रतिनिधियों से मुलाकात की, उनकी बातें सुनी और अपने दृष्टिकोण साझा किए। साउथ एशियन डेमोक्रेटिक कॉकस के अध्यक्ष जसदीप सिंह ने इस मुलाकात से पहले आईएएनएस से कहा, "भारत में नई सरकार से बदलाव की काफी उम्मीद है।"उन्होंने कहा कि वह मोदी से 1984 के सिख विरोधी दंगे के सदमे के बारे में बात करना चाहते हैं और उनसे इस सदमे से उबारने के लिए मजबूत कदम उठाने की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि सिख विरोधी दंगे को करीब 30 साल बीत चुके है, जिसमें करीब 8,000 लोग मारे गए थे और अभी भी इसके दोषी मुक्त घूम रहे हैं और न्याय नहीं मिल है। उन्होंने कहा, "हम चाहते हैं कि इस मसले का हल करने के लिए मोदीजी कड़े कदम उठाए।"उन्होंने कहा कि विदेशों में मौजूद सिखों को उन सिखों की पीड़ा परेशान कर रही है जिन्होंने 1980 और 90 के दशक में पंजाब के खराब हालात की वजह से विदेशों में शरण मांगी और आज वह वापस नहीं लौट सकते क्योंकि उन्हें शरण मिली हुई है।
उन्होंने कहा कि मोदी को इस मामले में हस्तक्षेप कर इसका समाधान करना चाहिए। मैरीलैंड स्टेट मेडिकल सोसायटी के पूर्व अध्यक्ष हरभजन अजरावत ने कहा, "मैं चिकित्सा के बारे में काफी महसू करता हूं क्योंकि मैं अमेरिकन एसोसिएशन ऑफ फिजीसिएंस ऑफ इंडियन ऑरिजिन का प्रतिनिधित्व भी करता हूं और वह हमारा समर्थन कर रहे हैं। हम वहां ट्रॉमा सेंटर खोलेंगे।"मोदी के प्रति समर्थन जताते हुए अजरावत ने कहा कि पारिवारिक शासन के बाद भारत मई 2014 में आजाद हुआ, जब उन्होंने पदभार ग्रहण किया। वह प्रत्येक भारतीय में सभी के प्रतिनिधि हैं।