5 Dariya News

जींद में आयोजित रैली तोड़ेगी सभी पिछले रिकार्ड : अशोक अरोड़ा

5 दरिया न्यूज

थानेसर 24-Sep-2014

इनेलो प्रदेशाध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने कहा कि आज जींद में जननायक चौ. देवीलाल के 100वें जन्म दिवस के अवसर पर आयोजित सम्मान दिवस समारोह में जन सैलाब उमड़ेगा और यह रैली पिछले सभी रिकार्ड तोड़ देगी। थानेसर हलके से इनेलो प्रत्याशी अशोक अरोड़ा ने थानेसर शहर की विभिन्न कालोनियों में अपने जनसंपर्क अभियान के दौरान लोगों को इस रैली में पहुंचने का न्यौता दिया और इनेलो के पक्ष में मतदान करने की अपील की। सैक्टर 13 में सेवानिवृत्त एसडीओ ए.के. आनंद, चंदन सिंह, कमलेश पांचाल, गुरदीप सैनी, जसवीर सैनी ने इनैलो में शामिल होने की घोषणा की। इनैलो प्रदेशाध्यक्ष ने इन सभी का पार्टी में शामिल होने पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि रैली के प्रति लोगों में काफी उत्साह है। भारी संख्या में लोग विशेषकर युवा और महिला इस रैली में भाग लेकर जननायक के प्रति अपने श्रद्धासुमन अर्पित करेंगे। इनेलो के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी पिछले 10 वर्ष से जनता की समस्याओं को लेकर संघर्ष कर रही है। आज कांग्रेस के कुशासन से हर वर्ग दुखी है। जिन नेताओं के भ्रष्टाचार से जनता दुखी थी, आज उनमें से अधिकतर पाला बदल कर भाजपा में शामिल हो गए हैं। जो नेता कल तक कांग्रेस द्वारा कुरुक्षेत्र में विकास करवाने का दावा कर रहे थे आज वे ही नेता भाजपा में शामिल होकर कांग्रेस को कोस रहे हैं। अरोड़ा ने कहा कि यदि कांग्रेस ने कुरुक्षेत्र में विकास करवाया था तो इन कांग्रेसी नेताओं ने पार्टी क्यों छोड़ी? उन्होंने कहा कि ये नेता अब बहरूपिये बनकर और भाजपा का चोला ओढक़र चुनाव मैदान में उतरे हैं। जनता ऐसे नेताओं को मुंह न लगाकर उनका सूपड़ा साफ करेगी।

उन्होंने कहा कि वे 25 वर्ष पहले जिस पार्टी से विधायक बने थे, आज भी उसी पार्टी में मौजूद हैं जबकि कुछ स्वार्थी नेता कपड़ों की तरह प्रतिदिन पार्टी बदल रहे हैं। कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए अरोड़ा ने कहा कि प्रदेश में झूठ और लूट की सरकार है। कानून व्यवस्था का दिवाला पिट चुका है। कोई भी वर्ग सुरक्षित नहीं है। प्रदेश में इन चुनावों में ओम प्रकाश चौटाला के नाम की लहर चलेगी क्योंकि कांग्रेस का विकल्प केवल इनैलो है। इसलिए प्रदेश की जनता भाजपा व कांग्रेस का सूपड़ा साफ करके इनैलो को सत्ता सौंपेगी और चौ. ओम प्रकाश चौटाला के नेतृत्व में जनता की अपनी सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जिस प्रकार सीबीआई की मदद से षडय़ंत्र रचकर इनैलो प्रमुख ओम प्रकाश चौटाला व अन्य नेताओं को जेल में डाला हुआ है, उसका बदला हरियाणा की जनता इस चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा साफ करके लेगी।

इधर, शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में हांसी हलके के गांव धमाना में जननायक स्व. देवीलाल की प्रतिमा को गंगाजल से नहला कर उन्हें श्रद्धाजंलि दी। गांव धमाना के युवाओं का एक दल दो दिन पहले हरिद्वार गया था और वहां से डाक कावड़ के रूप में गंगाजल लेकर  आया था। इनसो के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला भी गांव धनाना पहुंचे और उन्होंने स्वयं ने देवीलाल की प्रतिमा को गंगाजल से धोया। इस अवसर पर दिग्विजय सिंह चौटाला ने कहा कि ताऊ देवीलाल हर वर्ग के चहेते थे और उन्होंने उनके उत्थान के लिए नीतियां बनाई। उन्होंने कहा कि यह हमारा सौभग्य है कि जींद में मनाए जा रहे शताब्दी वर्ष समारोह में हमें शरीक होने का मौका मिल रहा है। उन्होंने आह्वान किया कि युवा जननायक की नीतियों का अनुसरण करते हुए उनके बताए मार्ग पर चलें। इनसो नेता ने कहा कि देवीलाल जी के कुछ सपने अधूरे रह गए थे, उनके सपनों को पूरा राजनीति के माध्यम से पूरा किया जा सकता है। इसके लिए अब जनता को संगठित होकर ओमप्रकाश चौटाला को प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाने के लिए काम करना चाहिए। इस अवसर पर बवानीखेड़ा से इनेलो प्रत्याशी दया भुरटाना, हलका प्रधान राजबीर तालू, इनसो जिला प्रधान सुरेंद्र राठी, प्रतीक ढुल, हरिद्वार से गंगाजल लाने वालों में नरेश नंबरदार, बलवान घणघस, काला नाई, नवीन घणघस, शैलेंद्र घणघस सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।