5 Dariya News

भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और बेरोजगारी में नम्बर-वन है हरियाणा : गोपाल कांडा

सरकारी अस्पताल बने केवल रैफरल सेंटर : कांडा

5 दरिया न्यूज

गुहला चीका 03-Sep-2014

हरियाणा भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और बेरोजगारी में नम्बर-वन है। यह बात हरियाणा लोकहित पार्टी के अध्यक्ष गोपाल कांडा ने अनाज मंडी में परिवर्तन रैली में उपस्थित विशाल जनसमूह को संबोधित करते हुए कही। कांडा ने कहा कि प्रदेशवासियों को गुमराह करने के लिए प्रदेश को कभी शिक्षा का हब तो कभी प्रति व्यक्ति आय में नम्बर-वन , खेलों में नम्बर वन सहित अनेक क्षेत्रों में नम्बर-वन होने का दावा किया जा रहा है। परंतु सच्चाई इसके बिल्कुल विपरित है। प्रदेश सरकार की गलत नीतियों के चलते हरियाणा भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी, अत्याचार और बेरोजगारी में नम्बर-वन के स्थान पर आ गया है। कांडा ने कहा कि हरियाणा से उद्योग अन्य राज्यों में पलायन कर रहे हैं। प्रदेश की औद्योगिक नीति दम तोड़ रही है। औद्योगिक विकास के अभाव में प्रदेश का युवा बेरोजगारी के चलते अपने घर से दूर महानगरों का रुख करने को मजबूर है। गोपाल कांडा ने कहा कि हलोपा की सरकार आने पर प्रदेश में तीन टैक्स फ्री ज़ोन बनाए जाएंगे। जहां उद्योगों के लिए विशेष सुविधाएं उपलब्ध होगी और पंजाब, राजस्थान व चंडीगढ़ के उद्योगपति भी हिमाचल के बद्दी क्षेत्र में जाने की बजाए हरियाणा के टैक्स फ्री ज़ोन में उद्योग लगाना पसंद करेंगे।

गोपाल कांडा ने प्रदेश की शिक्षा नीति की अलोचना करते हुए कहा कि हाल ही में आया प्रदेश के विद्यालयों का रिजल्ट शिक्षा नीति की पोल खोल रहा है। प्रदेश के शिक्षक लंबे समय से अपनी जायज मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं, शिक्षा मंत्री का उनकी कोई परवाह नहीं है। कांडा ने कहा कि यही हाल सरकारी अस्पतालों का बना हुआ है। जो केवल रैफरल सेंटर बनकर रह गए हैं। वहां जाने वाले मरीजों को रोहतक और चंडीगढ़ रैफर कर चिकित्सक अपनी जिम्मेवारी से पल्ला छाड़ रहे हैं। क्योंकि इन अस्पतालों में आवश्यक उपकरणों, दवाईयों और डॉक्टरों का अभाव है। गोपाल कांडा ने कहा कि अब तक के किसी भी मुख्यमंत्री ने प्रदेश के किसानों, व्यापारियों, कर्मचारियों, कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए कोई ठोस नीति नहीं बनाई। कांडा ने कहा कि इन लोगों की सोच लोकहित की नहीं रही और ये लोग सिर्फ अपना घर भरने में लगे रहे। इनको स्वार्थ के चश्में से केवल अपनों के हित ही नज़र आए। प्रदेश की जनता को हलोपा के रुप में एक सार्थक राजनैतिक विकल्प प्राप्त हो गया है और अब जन-जन का सम्मान होगा और लोकहित में काम होगा। कांडा ने कहा कि आप लोगों के आशीर्वाद से हलोपा की पतंग आसमान छू रही है और मात्र चार माह में लाखों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की है।

गोपाल कांडा ने कहा कि हरियाणा के मेहनती किसानों को सुविधाएं प्रदान की जाएं और हार्टिक्लचर को बढ़ावा दिया जाए तो अरब देशों को फलों और सब्जियों का निर्यात किया जा सकता है और वहां से कच्चा तेल आयात हो सकता है। जनसभा के आयोजक चरणजीत सिंह, अमरजीत सिंह बाजीगर, श्याम लाल वाल्मीकि के नेतृत्व में सैंकड़ो युवाओं ने मोटरसाइकिलों के जत्थे के साथ गोपाल कांडा की अगुवानी की और उनका जोरदार स्वागत किया। इस अवसर पर गुरजंट सिंह ने कांगे्रस व सुखदेव सिंह बाजीगर ने अपने सैंकड़ो साथियों सहित इनेलो छोड़कर हलोपा की सदस्यता ग्रहण की। जनसभा के दौरान हरिओम भाली ने मंच संचालन किया। इस मौके पर संजय पान्नू, सुभांगी शर्मा, पूर्व सरपंच शमशेर सिंह, जगदेव सरपंच, पंडित नंदकिशोर, रोहताश, हरिश, संजय, बलकार सिंह पार्षद, धर्म सिंह गिल, जत्थेदार बाबा विश्वप्रताप सिंह, अजीत बैनीवाल सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। गोपाल कांडा ने कहा कि उद्योग मंत्री होते हुए भी रणदीप सुरजेवाला ने क्षेत्र में एक भी उद्योग नहीं लगवाया और न ही युवाओं को रोजगार प्रदान करने के लिए कोई कदम उठाया। कांडा ने कहा कि रणदीप सुरजेवाला को चाहिए वह इस बारे में श्वेत पत्र जारी करें। वही गोपाल कांडा ने शिक्षा मंत्री गीता भुक्कल की कार्यप्रणाली की अलोचना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में प्रदेश में स्कूलों का रिजल्ट गिरकर 52 प्रतिशत पर आ गया है।