5 Dariya News

पेयजल-सिंचाई पर खर्च हो रहे करोड़ों रूपये,कुल्लू जिला में आईपीएच विभाग कई योजनाओं को कर रहा है कार्यान्वित

इस वित वर्ष में 138 बस्तियों को पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाने का लक्ष्य

5 दरिया न्यूज

कुल्लू 03-Sep-2014

प्रदेश सरकार हर घर को पर्याप्त पेयजल मुहैया करवाने के साथ-साथ किसानों को सिंचाई सुविधा प्रदान करने के लिए भी लगातार प्रयासरत है। इसके लिए सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग कई बड़ी योजनाओं पर कार्य कर रहा है। कुल्लू जिला में भी विभाग इस वित वर्ष में विभिन्न पेयजल, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण योजनाओं पर करोड़ों की धनराशि खर्च कर रहा है।जिला में विभाग अभी तक लगभग 3300 बस्तियों को पर्याप्त पेयजल मुहैया करवा चुका है और इस वित वर्ष में 138 बस्तियों को पेयजल सुविधा प्रदान करने का लक्ष्य रखा गया है। इस वर्ष अभी तक लगभग 14 लाख की लागत से 26 बस्तियों में पीने का पर्याप्त पानी पहुंचाया जा चुका है। इसके अलावा विभाग हैंडपंपों के माध्यम से भी लोगों को पीने का पानी दे रहा है। विभाग के अधीक्षण अभियंता प्रियव्रत वैद्य ने बताया कि पिछले वित वर्ष के दौरान जिला में कुल 95 नए हैंडपंप स्थापित किए गए थे और इस वित वर्ष में कुल सौ हैंडपंप लगाए जाएंगे। हैंडपंप लगाने का कार्य चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।

अधीक्षण अभियंता का कहना है कि वित वर्ष 2013-14 के दौरान लगभग 95 हैक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा से जोड़ा गया और चालू वित वर्ष में कुल 127 हैक्टेयर भूमि को यह सुविधा प्रदान करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसमें से करीब 30 हैक्टेयर भूमि को सिंचित कर दिया गया है। भू संरक्षण व बाढ़ नियंत्रण की दिशा में भी सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग सराहनीय कार्य कर रहा है। विभाग इस वित वर्ष में लगभग 14 हैक्टेयर भूमि को बाढ़ नियंत्रण योजना के तहत लाएगा।अधीक्षण अभियंता ने बताया कि जिले की सभी बस्तियों को पर्याप्त पेयजल प्रदान करने के साथ-साथ सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग चरणबद्ध तरीके से अधिक से अधिक कृषि योग्य भूमि को सिंचित करने का लक्ष्य लेकर कार्य कर रहा है। जिले में सिंचाई की छोटी-बड़ी योजनाओं की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। भू संरक्षण एवं बाढ़ नियंत्रण के लिए भी विभाग दीर्घकालीन योजनाओं पर कार्य कर रहा है। इस प्रकार आईपीएच विभाग के माध्यम से कुल्लू जिला में पेयजल, सिंचाई और बाढ़ नियंत्रण योजनाओं पर करोड़ों की धनराशि खर्च की जा रही है।