5 Dariya News

दिल्ली पुस्तक मेले में पहुंचे विदेशी सैलानी

5 दरिया न्यूज

नई दिल्ली 29-Aug-2014

दिल्ली पुस्तक मेले में शुक्रवार को विदेशी सैलानी बड़ी संख्या में नजर आए। एक चीनी बुजुर्ग महिला ने पुस्तक मेले से बुद्ध व ओशो की पुस्तकें खरीदी। विदेशी सैलानियों के बच्चों ने भी खरीदारी की। ऑस्ट्रेलिया के चार्ल्स ने बताया कि उन्होंने भारतीय प्रकाशन के कई उपन्यास पढ़े है। वहीं न्यूजीलैंड से आई जेसी ने बताया कि वे तीन वर्ष पहले भी दिल्ली पुस्तक मेले में आई थी। उन्होंने कहा कि उनको भारतीय संस्कृति से संबंधित पुस्तकें पसंद है। उधर शुक्रवार को सर्वश्रेष्ठ पुस्तक प्रकाशन 2014 के लिए प्रकाशकों को सम्मानित किया। भारतीय भाषाओं की तेरह कैटेगरी में पुरस्कार दिए गए। जिनमें 27 प्रकाशकों को प्रथम व 35 प्रकाशकों को द्वितीय पुरस्कार मिला। यह सम्मान प्रकाशन की 13 कैटेगरी के लिए दिया गया। पुस्तक मेले के आयोजक फेडरेशन ऑफ इंडियन पब्लिशर्स ने शुक्रवार को सर्वश्रेष्ठ पुस्तक प्रकाशन 2014 के लिए प्रकाशकों को सम्मानित किया। 78 प्रकाशकों ने 1100 से ज्यादा प्रविष्टियां भेजी थी। जिसमें से केवल 45 प्रकाशकों के 89 शीर्षक को ही अन्तिम सूची में जगह मिली। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता व सांसद मुरली मनोहर जोशी उपस्थित थे। इसके अतिरिक्त फेडरेशन ऑफ इंडियन पब्लिशर्स के अध्यक्ष डा. अशोक गुप्ता, महासचिव रमेश मित्तल और कोषाध्यक्ष आरसी गोविल भी उपस्थित थे। डा. अशोक गुप्ता ने बताया कि पुरस्कार से प्रकाशकों के बीच प्रतिस्पर्धा बनी रहती है। उनको और बेहतर पुस्तक प्रकाशन की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रकाशक ही लेखक को उसके पाठक से मिलाता है। उन्होंने बताया कि प्रकाशक समाज का एक अहम अंग है और इसकी भूमिका समाज सुधारक से कम नहीं आंकी जा सकती है। उल्लेखनीय है कि दिल्ली के प्रगति मैदान में दिल्ली पुस्तक मेला 23 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगा।