5 Dariya News

कांग्रेस को पश्चिम बंगाल में वापसी का भरोसा

5 दरिया न्यूज

कोलकाता 23-Aug-2014

पश्चिम बंगाल में सबसे कमजोर खिलाड़ी मानी जा रही कांग्रेस को अपनी खोई जमीन हासिल करने का पूरा भरोसा है। यह आत्मविश्वास पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने जताया है। पूर्व रेल राज्य मंत्री ने आईएएनएस को दिए गए एक साक्षात्कार में कहा, "कोई संदेह नहीं है कि हम राज्य में कमजोर हैं और कई स्थानों पर विरोधियों से ग्रस्त भी हैं।"चौधरी (58) ने कहा, "ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि हम अपने को साबित करने में विफल रहे और पराजय बोध को जड़ जमाने का मौका दे दिया।"उन्होंने हालांकि यह भरोसा जताया कि तृणमूल कांग्रेस के प्रति लोगों में बढ़ते असंतोष के कारण कांग्रेस फिर से अपनी जमीन प्राप्त करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अगले वर्ष होने जा रहे नगर निकायों के चुनाव और 2016 में होने वाले विधानसभा चुनाव पर नजरें जमाए हुई है। मुर्शीदाबाद के कद्दावर नेता चौधरी ने लोकसभा चुनाव का नेतृत्व किया था और पांच वर्ष जीती गई छह सीटों में से चार पर जीत भी मिली। राष्ट्रीय स्तर पर कांग्रेस का प्रदर्शन हालांकि बेहद खराब रहा और पार्टी अबतक की सबसे शर्मनाक हार का शिकार हुई है। लोकसभा तक उसके केवल 44 सांसद ही पहुंच पाए जबकि 2009 के चुनाव में उसे 209 सीटें हासिल हुई थी। मत प्रतिशत के लिहाज से पश्चिम बंगाल में कांग्रेस चौथे स्थान पर खिसक गई। पार्टी से ज्यादा मत तृणमूल, वाम मोर्चा और भारतीय जनता पार्टी को मिले हैं। आम चुनाव से पहले चौधरी को प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बनाया गया था।